Home Blog Page 63

बदमाश गिरफ्तार: भागते वक्त गिरा, पैर-घुटने में चोट; पुलिस ने व्हीलचेयर से पहुंचाया अस्पताल

The Duniyadari: Bilaspur– तारबाहर और सिरगिट्टी इलाके में दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश प्रियांशु बक्सेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ने के दौरान भागने की कोशिश में वह गिर पड़ा और उसके पैर-घुटने में गंभीर चोट आई। चलने में असमर्थ आरोपी को पुलिस ने मानवता दिखाते हुए व्हीलचेयर से अस्पताल पहुंचाया और मुलाहिजा कराया।

*शराब के लिए पैसे न देने पर किया था हमला*

घटना 12 मई की रात की है। बापू नगर निवासी 29 वर्षीय अमन चौहान से आरोपी प्रियांशु ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अमन के मना करने पर गाली-गलौज करते हुए नुकीली चीज से हमला कर दिया और फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की।

*संयुक्त टीम ने मारा छापा, गिरकर हुआ घायल*

SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर, सिरगिट्टी थाना और ACCU की संयुक्त टीम ने देर रात आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस को देखकर प्रियांशु भागने लगा और असंतुलित होकर गिर पड़ा। चोट के कारण वह चल नहीं पा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने व्हीलचेयर की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया।

*आदतन बदमाश है आरोपी*

जांच में सामने आया कि प्रियांशु आदतन अपराधी है। उसने पहले खुदीराम बोस चौक के पास शेख समीर नाम के युवक पर हमला किया था। सिरगिट्टी क्षेत्र में अपने सगे जीजा के साथ भी बेरहमी से मारपीट कर चुका है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज हैं।

राष्ट्रहित में डॉ. रमन सिंह ने घटाया काफिला: प्रोटोकॉल से 4 गाड़ियां कम कीं, बोले- PM मोदी की अपील अनुकरणीय

The Duniyadari: रायपुर– छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए अपने सरकारी काफिले से 4 गाड़ियां कम करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसाधन संरक्षण की अपील के सम्मान में यह कदम उठाया गया है।

डॉ. सिंह ने कहा कि यह राष्ट्रहित में जिम्मेदार नागरिक कर्तव्य का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे समय में परिवार के मुखिया के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसाधनों के संरक्षण का संदेश हम सभी के लिए अनुकरणीय है। हर जनप्रतिनिधि और नागरिक को संयम, सादगी और जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।”

*जनता से भी की अपील*

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से भी मौजूदा हालात को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने अपील की कि लोग जरूरत के हिसाब से संसाधनों का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करें। जहां तक हो सके सार्वजनिक परिवहन अपनाएं और सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए राष्ट्रहित में सहयोग करें।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा देशवासियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं और उसी भावना के साथ यह निर्णय लिया गया है।

बोर्ड एग्जाम हॉल का वीडियो वायरल: केंद्र अध्यक्ष समेत 5 स्टाफ सस्पेंड

The Duniyadari: Mahasamund-  बोर्ड परीक्षा के दौरान एग्जाम हॉल से वीडियो वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। भंवरपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल SAGES परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 में गंभीर लापरवाही मिलने पर DPI ने केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षक समेत 5 कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर दिया है।

*छात्रा ने कैमरे से की रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पर डाला वीडियो*

मामला महासमुंद जिले के भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय का है। यहां बोर्ड परीक्षा के दौरान एक छात्रा नियमों को तोड़कर डिजिटल कैमरा लेकर एग्जाम हॉल में पहुंच गई। छात्रा ने परीक्षा की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना से शिक्षा विभाग की काफी किरकिरी हुई।

*DEO की जांच में सामने आई लापरवाही*

जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद की शुरुआती जांच में केंद्र पर तैनात स्टाफ की घोर लापरवाही सामने आई। सुरक्षा और जांच में चूक के चलते छात्रा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर अंदर चली गई। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के तहत गंभीर कदाचार मानते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने कार्रवाई की है।

*ये हुए निलंबित*

1. गंगा प्रसाद पटेल, व्याख्याता – केंद्र अध्यक्ष

2. अनिरूद्ध भोई, व्याख्याता – सहायक केंद्र अध्यक्ष

3. दिनेश कुमार दास, व्याख्याता – सहायक केंद्र अध्यक्ष

4. दुर्गाप्रसाद पटेल, सहायक शिक्षक एल.बी. – पर्यवेक्षक

5. विजिया बुड़ेक, नियमित भृत्य

आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय DEO कार्यालय महासमुंद रहेगा। इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। DPI ने DEO को 7 दिन के भीतर आरोप पत्र का प्रारूप संचालनालय भेजने के निर्देश दिए हैं।

विधायक की बर्थडे पार्टी में पहुंचे अफसरों पर गिरी गाज: वीडियो वायरल होते ही CM साय सख्त

The Duniyadari: Surajpur-  जिले में स्थानीय विधायक भूलन सिंह मरावी की जन्मदिन पार्टी में शामिल होना कई प्रशासनिक अफसरों को भारी पड़ गया है। पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले का संज्ञान लिया है। CM ने सूरजपुर कलेक्टर को तुरंत जांच कर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक सूरजपुर में आयोजित विधायक के जन्मदिन कार्यक्रम में कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए थे। कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

*CM के एक्शन से प्रशासन में हड़कंप*  

मामले की खबर चलते ही मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। CM साय ने कलेक्टर को पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच करने और नियम तोड़ने वाले अफसरों पर कार्रवाई करने को कहा है।

CM के आदेश के बाद सूरजपुर के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि पार्टी में कौन-कौन अधिकारी मौजूद थे और क्या उन्होंने आचरण नियमों का उल्लंघन किया है।

सरकार का मानना है कि सार्वजनिक पद पर बैठे अफसरों का राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होना उचित नहीं है। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय मानी जा रही है।

फिर क्रैश हुआ रेडबर्ड का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट: गोजुबावी गांव के खेत में गिरा विमान, ट्रेनी पायलट सुरक्षित

Oplus_16908288

The Duniyadari: बारामती-  महाराष्ट्र के बारामती तालुका के गोजुबावी गांव के पास बुधवार को रेडबर्ड एविएशन का एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद खेतों में गिरे विमान को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। राहत की बात है कि विमान में मौजूद ट्रेनी पायलट सुरक्षित है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक विमान नियमित ट्रेनिंग उड़ान पर था। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी या नियंत्रण बिगड़ने से हादसा होने की आशंका है। घटना की असल वजह जांच के बाद ही साफ होगी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया।

*नीचे उड़ रहा था विमान, तेज आवाज से फैली दहशत*

चश्मदीदों ने बताया कि विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ा और वह खेतों में जा गिरा। गिरते ही तेज धमाका हुआ जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव में मदद की और पुलिस को खबर दी।

*बारामती में फिर उठे सुरक्षा के सवाल*

बारामती में रेडबर्ड और कार्वर एविएशन जैसी कई कंपनियां ट्रेनी पायलटों को ट्रेनिंग देती हैं। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोग परेशान हैं। गोजुबावी इलाका पहले भी विमान हादसों के लिए चर्चा में रहा है। इसी क्षेत्र में पहले रेडबर्ड का एक और ट्रेनिंग विमान क्रैश हो चुका है। कुछ समय पहले उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान भी यहां के पास हादसे का शिकार हुआ था।

लगातार घटनाओं के बाद लोग फ्लाइट ट्रेनिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच और निगरानी और कड़ी करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस विमान के दस्तावेज और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। DGCA को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है।

सीवेज लाइन का काम करते वक्त हादसा: मिट्टी धंसने से 4 मजदूर दबे, मौके पर ही मौत

Oplus_16908288

The Duniyadari: दल्लीराजहरा-  थाना क्षेत्र में मंगलवार को BSP की सीवेज पाइपलाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फुटबॉल ग्राउंड के पास दास पान ठेला के सामने अचानक मिट्टी धंसने से नाली में काम कर रहे 4 मजदूर दब गए। मौके पर ही चारों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक पाइपलाइन विस्तार का काम JCB और चेन माउंटेन मशीन से चल रहा था। इसी दौरान नाली की मिट्टी अचानक धंस गई और कई मजदूर मलबे में दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव शुरू किया, लेकिन तब तक 4 मजदूरों की जान जा चुकी थी।

*सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल*

हादसे की सूचना पर पुलिस और BSP के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में सुरक्षा में लापरवाही की बात सामने आ रही है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि काम के दौरान जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

घटना की जानकारी मिलते ही कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: अब जमानत अर्जी में देना होगा पूरा आपराधिक रिकॉर्ड

The Duniyadari: Raipur-  छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जमानत प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और तथ्यात्मक बनाने के लिए अहम बदलाव किया है। अब अग्रिम और नियमित जमानत के लिए आवेदन करने वालों को पुराने सामान्य फॉर्म की जगह तय टेबल में पूरी जानकारी देनी होगी।

सोमवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक ‘छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय नियम, 2007’ में संशोधन कर यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। नए नियम के बाद जमानत अर्जी पहले से ज्यादा विस्तृत होगी और कोर्ट के पास सुनवाई के वक्त पूरे मामले का रिकॉर्ड रहेगा।

*नए फॉर्म में ये 6 जानकारियां जरूरी*

हाईकोर्ट ने जमानत आवेदन को छह हिस्सों में बांटा है:

*1. केस का पूरा ब्यौरा*: FIR नंबर, दर्ज होने की तारीख, थाना, लगाई गई धाराएं और उन धाराओं में मिलने वाली अधिकतम सजा का उल्लेख करना होगा।

*2. गिरफ्तारी की जानकारी*: गिरफ्तारी की तारीख और अब तक जेल में बिताई गई कुल अवधि बतानी होगी।

*3. ट्रायल का स्टेटस*: केस किस स्टेज पर है, जांच चल रही है, चार्जशीट दाखिल हो चुकी है या ट्रायल शुरू है। कुल गवाहों की संख्या और कितने गवाहों के बयान हो चुके हैं, यह भी लिखना होगा।

*4. पुराना आपराधिक रिकॉर्ड*: आवेदक के खिलाफ पहले दर्ज FIR और केसों की जानकारी देनी होगी। साथ ही बताना होगा कि वे केस लंबित हैं, आवेदक बरी हुआ है या सजा मिली है।

*5. पिछली जमानत अर्जियां*: पहले कभी जमानत के लिए आवेदन किया था या नहीं। किया था तो किस कोर्ट में और उसका क्या फैसला रहा।

*6. वारंट और भगोड़ा घोषित होने की स्थिति*: अगर आवेदक के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ है या उसे भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया है तो उसका पूरा विवरण देना अनिवार्य होगा।

हाईकोर्ट का मानना है कि इससे जजों को फैसला लेने में आसानी होगी और जमानत प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। नए फॉर्म के बिना अब जमानत अर्जी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बम बनाने का सामान रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, महापौर का साला निकला

The Duniyadari: Raipur-  राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से पुलिस ने बम बनाने के आरोप में फरार चल रहे विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला और एक पार्षद का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक 7 मई को रावाभाठा में एक युवक के पास पिस्टल और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता BDDS मौके पर पहुंचा। जांच में लो इंटेंसिटी एक्सप्लोसिव सामग्री मिली। टीम ने बैटरी, केमिकल से भरी दो बोतलें, वायर और डेटोनेटर जब्त किए थे।

*सामान मिलने के बाद से था फरार*

छापे के बाद आरोपी विनय देवांगन मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार उसे रावाभाठा से ही पकड़ लिया गया।

*साजिश का पता लगा रही पुलिस*

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि विनय बम बनाने की तैयारी क्यों कर रहा था और इस साजिश में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं। उसके नेटवर्क और मकसद को लेकर भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले पर नजर रखे हुए हैं।

कोरबा के नोनबिर्रा में जमीन सीमांकन विवाद, पटवारी और RI पर पक्षपात व पैसे लेकर काम करने के आरोप

The Duniyadari: Korba के नोनबिर्रा क्षेत्र में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। Patel परिवार और ग्रामीणों ने पटवारी Bharat Chauhan तथा RI पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनका परिवार करीब 100 वर्षों से उक्त जमीन पर निवास कर रहा है, लेकिन अब उसी जमीन पर अवैध कब्जा करवाने की कोशिश की जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक बिना वैध दस्तावेजों के कुछ लोगों द्वारा मकान निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि पहले पटवारी ने स्वयं जमीन को Patel परिवार की बताई थी, लेकिन अब अधिकारी अपने बयान बदल रहे हैं। सीमांकन प्रक्रिया में पक्षपात किए जाने और जमीन की नाप को जबरन दूसरी ओर बढ़ाने का भी आरोप लगाया गया है।

Patel परिवार का कहना है कि वे लगातार जनसुनवाई, तहसील कार्यालय और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। परिवार ने आरोप लगाया कि “हर बार पटवारी गांव आता है तो अलग-अलग जगह नाम बताता है, जिससे पूरा मामला संदेह के घेरे में आ गया है।”

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि पटवारी Bharat Chauhan के कहने पर पुलिस द्वारा तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं Patel परिवार का दावा है कि उनके खिलाफ भी झूठी FIR करवाई गई है ताकि दबाव बनाकर उन्हें कमजोर किया जा सके।

गांव में इस पूरे मामले को लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि “गरीब किसान की सुनवाई आखिर कौन करेगा?” परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि उनके पास पूरे मामले के वीडियो और रिकॉर्ड मौजूद हैं। यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन तेज किया जा सकता है।

बांकीमोंगरा पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने 17 परिवारों को सौंपा उनके सपनों के घर का स्वीकृति पत्र

The Duniyadari: बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पात्र हितग्राहियों के अपने घर का सपना अब साकार होने जा रहा है। पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान कुल 17 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए। स्वीकृति पत्र पाकर हितग्राहियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

नगर पालिका कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान श्रीमती सोनी विकास झा ने स्वयं अपने हाथों से हितग्राहियों को प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर गरीब और जरूरतमंद परिवार के सिर पर पक्की छत हो, यही हमारा मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने चयनित 17 हितग्राहियों को बधाई देते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने और किस्तों का सही समय पर उपयोग करने की सलाह दी।

गुणवत्ता और समय सीमा पर जोर

हितग्राहियों को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष ने कहा कि आवास योजना केवल एक मकान नहीं, बल्कि एक परिवार का सम्मान और सुरक्षा है। हमारी कोशिश है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग की जाए ताकि आवासों की गुणवत्ता बेहतर बनी रहे और हितग्राहियों को राशि प्राप्त करने में कोई समस्या न आए।

स्वीकृति पत्र प्राप्त करने वाले परिवारों ने पालिका अध्यक्ष के सक्रिय प्रयासों की सराहना की।