Home Blog Page 76

कोरबा में रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, भूख से मौत की आशंका

The Duniyadari: कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित उरांव बस्ती के पास रेलवे ट्रैक किनारे गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 10 बजे लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मानिकपुर चौकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे मजदूरों ने सुबह युवक को एक पैर के ऊपर दूसरा पैर रखकर लेटा हुआ देखा था। उसके पास पानी की बोतल भी रखी थी, जिससे उन्हें लगा कि वह आराम कर रहा है। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर जब लोग पास पहुंचे, तो युवक की सांसें थम चुकी थीं और उसके नाक से झाग निकल रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक पिछले कुछ दिनों से आसपास के क्षेत्र में भटकता हुआ दिखाई दे रहा था।

पुलिस को आशंका है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और संभवतः लंबे समय तक भोजन नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा रेलवे का अंतिम स्टेशन होने के कारण कई बार मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को ट्रेन में बैठा दिया जाता है, जिससे वे यहां पहुंच जाते हैं। इसके चलते क्षेत्र में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ रही है।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

होटल के कमरे में शिक्षक की संदिग्ध मौत, महिला के साथ ठहरे थे; पुलिस जांच में जुटी

The Duniyadari: झारखंड की उपराजधानी दुमका में गुरुवार को एक होटल के कमरे से शिक्षक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नगर थाना क्षेत्र के दुधानी टॉवर चौक स्थित एक होटल में यह घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया।

मृतक की पहचान गोड्डा जिले के बोआरिजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरीकित्ता रामपुर निवासी मोहम्मद सादिक हुसैन अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे गोड्डा जिले के एक मदरसे में शिक्षक के तौर पर कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, सादिक हुसैन एक महिला के साथ होटल के कमरे में ठहरे हुए थे।

गुरुवार सुबह होटल कर्मचारियों को कमरे में ठहरे व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। इसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सादिक हुसैन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक और साथ में ठहरी महिला के बीच प्रेम संबंध होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को बताया कि खाना खाने के बाद जब वे दोनों कमरे में लौटे, तो अचानक सादिक की तबीयत बिगड़ गई और वे तड़पने लगे। कुछ देर बाद वे शांत हो गए, जिसे उसने सामान्य समझा, लेकिन लंबे समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने होटल स्टाफ को जानकारी दी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला प्राकृतिक मौत का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

नगर थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर दुमका आने के उद्देश्य और दोनों के संबंधों की जानकारी जुटा रही है।

रेत से भरे हाईवा ने बाइक सवार को कुचला, 200 फीट तक घसीटा… मौके पर मौत

The Duniyadari: रायपुर- राजधानी से लगे अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार रेत से भरे हाईवा ने चंपारण चौक के पास बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन के नीचे आ गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा चालक ने बाइक सवार को करीब 200 फीट तक घसीट दिया। इससे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

फर्जी ‘पुलिस’ लिखी स्कॉर्पियो में घूम रहे थे बाउंसर, वीडियो वायरल होते ही ट्रेवल्स संचालक गिरफ्तार

The Duniyadari: बिलासपुर- शहर में फर्जी तरीके से गाड़ी पर “पुलिस” लिखवाकर रौब झाड़ने का मामला सामने आया है। एक ट्रेवल्स संचालक ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन पर पुलिस लिखवाकर उसमें बाउंसरों को बैठा दिया और शहर में घूमने भेज दिया। बाउंसरों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और वाहन जब्त कर संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक स्कॉर्पियो के आगे-पीछे “पुलिस” लिखा दिखाई दे रहा था। गाड़ी में तीन से चार बाउंसर सवार थे, जो खुद को पुलिस से जुड़ा बताकर रौब दिखा रहे थे। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद इसकी जानकारी एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंची।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान शुरू की। जांच में पता चला कि उक्त स्कॉर्पियो पहले पुलिस लाइन में किराए पर चलती थी। इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र के करबला निवासी ट्रेवल्स संचालक विरेंद्र जैन ने गाड़ी पर आगे-पीछे “पुलिस” लिखवा लिया था।

पुलिस ने वाहन को तलाश कर जब्त कर लिया और आरोपी विरेंद्र जैन को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने ले आई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल किन-किन गतिविधियों में किया गया था।

VIP काफिले की रफ्तार बनी काल, दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत

The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर में वीआईपी मूवमेंट की जल्दबाजी ने दो परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बालेंगा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार में आ रही काफिले की फॉलो गाड़ी ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें वाहन की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री के काफिले की एक फॉलो गाड़ी रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी काफिले से पीछे रह गई थी और उसे कवर करने की जल्दबाजी में चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान बालेंगा पेट्रोल पंप के पास सामने जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक टक्कर के बाद दूर जाकर गिरा और उसकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक में जा फंसी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर वीआईपी मूवमेंट के दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर नाराजगी जताई है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती: कमर्शियल उपभोक्ताओं को सीमित गैस, वितरण व्यवस्था की होगी रोज समीक्षा

The Duniyadari: रायपुर- प्रदेश में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए खाद्य विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले ने ऑयल कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक कर गैस आपूर्ति को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में तय किया गया कि कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ता संस्थानों और प्रतिष्ठानों को पिछले महीने की कुल खपत के अधिकतम 20 प्रतिशत तक ही गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य सीमित उपलब्धता के बीच आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देना है।

साथ ही उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के भीतर एलपीजी रिफिल की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन को सभी एलपीजी वितरकों के कार्यालयों और गोदामों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पुलिस और होमगार्ड की तैनाती की जाएगी, ताकि भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सके। वितरकों को अपने संपर्क नंबर सक्रिय रखने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उपलब्ध स्टॉक को ध्यान में रखते हुए गैस वितरण के लिए प्राथमिकता श्रेणियां भी तय की गई हैं। इनमें शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, सैन्य एवं अर्द्धसैन्य कैंप, जेल, होटल, समाज कल्याण विभाग के संस्थान, रेलवे एवं एयरपोर्ट कैंटीन, शासकीय कार्यालय, गेस्ट हाउस, पशु आहार उत्पादक इकाइयां तथा रेस्टोरेंट शामिल हैं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कमर्शियल एलपीजी स्टॉक और वितरण की दैनिक समीक्षा ऑयल कंपनियों द्वारा की जाएगी और इसकी रिपोर्ट प्रतिदिन विभाग को भेजी जाएगी।

बैठक में खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के सदस्य सचिव राजीव कुमार जायसवाल, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के मंडल एलपीजी प्रमुख श्रीपाद बक्षी, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के प्रादेशिक प्रबंधक दिलीप मीणा और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगेश डोंगरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आंधी-तूफान से पहले निगम सख्त, ढीले फ्लेक्स तुरंत हटाने के निर्देश

The Duniyadari: रायपुर- मौसम में बदलाव और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए नगर पालिक निगम रायपुर ने विज्ञापन एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी सदन स्थित निगम मुख्यालय के तृतीय तल सभाकक्ष में अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा ने पंजीकृत विज्ञापन एजेंसियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर में लगे सभी कमजोर, फटे या ढीले फ्लेक्स और होर्डिंग तत्काल हटाए जाएं, ताकि आंधी-तूफान के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही विज्ञापन सामग्री लगाई जाए और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा अपर आयुक्त ने विज्ञापन एजेंसियों से बकाया राशि जल्द जमा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिनियम के तहत जारी सभी नियमों और निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में नगर निगम के अधीक्षक (विज्ञापन) पद्माकर श्रीवास, सहायक अभियंता नीतीश झा, उपअभियंता अमित सरकार सहित पंजीकृत विज्ञापन एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।

सेंट्रल जेल से कैदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर जिले की सेंट्रल जेल से एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम कैदी जेल की दीवार फांदकर भाग निकला। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन तलाश शुरू कर दी है। साथ ही जेल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कैदी के भागने के तरीके और संभावित दिशा का पता लगाया जा सके।

बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कैदी के फरार होने की जानकारी मिली है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही कैदी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल फरार कैदी का नाम और वह किस मामले में जेल में बंद था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 67 पुलिसकर्मियों का तबादला

The Duniyadari: पेण्ड्रा- गोरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक मनोज खेलारी ने विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने और कानून-व्यवस्था को और बेहतर करने के उद्देश्य से 67 पुलिसकर्मियों के तबादले का आदेश जारी किया है।

जारी सूची के अनुसार कई थानों और चौकियों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सुरेश ध्रुव को मरवाही थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि रामनिवास राठौर को कोटमी चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं शनिप रात्रे को साइबर सेल की कमान दी गई है, जिससे जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी निगरानी की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक सहित विभिन्न श्रेणी के पुलिसकर्मी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय कार्यव्यवस्था को सुचारू बनाने, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह व्यापक फेरबदल किया गया है।

नए पदस्थापना आदेश के बाद सभी पुलिसकर्मियों को जल्द से जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

रेत धंसने से किसान की मौत, रोज़गार की तलाश में गया था नाले में

The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर जिले में रोज़ी-रोटी की तलाश एक किसान के लिए जानलेवा साबित हुई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियागांव में रेत निकालने के दौरान हुए हादसे में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जब बल्लारी नाला में हाथ से रेत निकालते समय अचानक मिट्टी और रेत धंस गई, जिससे किसान गहरे गड्ढे में दब गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद के लिए प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। हालांकि, रेत की अधिक गहराई और लगातार धंसान के खतरे के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जेसीबी मशीन की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान 37 वर्षीय सुखराम पोयाम निवासी मांझीपारा, बनियागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुखराम गौठान के पीछे स्थित नाले से रेत निकाल रहा था, तभी अचानक यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर असुरक्षित तरीके से हो रहे रेत उत्खनन और मजबूरी में जोखिम उठाने वाले ग्रामीणों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोज़गार के सीमित साधनों के बीच लोग अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं, जिससे ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।