Home Blog Page 77

फर्जी ‘पुलिस’ लिखी स्कॉर्पियो में घूम रहे थे बाउंसर, वीडियो वायरल होते ही ट्रेवल्स संचालक गिरफ्तार

The Duniyadari: बिलासपुर- शहर में फर्जी तरीके से गाड़ी पर “पुलिस” लिखवाकर रौब झाड़ने का मामला सामने आया है। एक ट्रेवल्स संचालक ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन पर पुलिस लिखवाकर उसमें बाउंसरों को बैठा दिया और शहर में घूमने भेज दिया। बाउंसरों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और वाहन जब्त कर संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक स्कॉर्पियो के आगे-पीछे “पुलिस” लिखा दिखाई दे रहा था। गाड़ी में तीन से चार बाउंसर सवार थे, जो खुद को पुलिस से जुड़ा बताकर रौब दिखा रहे थे। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद इसकी जानकारी एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंची।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान शुरू की। जांच में पता चला कि उक्त स्कॉर्पियो पहले पुलिस लाइन में किराए पर चलती थी। इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र के करबला निवासी ट्रेवल्स संचालक विरेंद्र जैन ने गाड़ी पर आगे-पीछे “पुलिस” लिखवा लिया था।

पुलिस ने वाहन को तलाश कर जब्त कर लिया और आरोपी विरेंद्र जैन को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने ले आई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल किन-किन गतिविधियों में किया गया था।

VIP काफिले की रफ्तार बनी काल, दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत

The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर में वीआईपी मूवमेंट की जल्दबाजी ने दो परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बालेंगा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार में आ रही काफिले की फॉलो गाड़ी ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें वाहन की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री के काफिले की एक फॉलो गाड़ी रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी काफिले से पीछे रह गई थी और उसे कवर करने की जल्दबाजी में चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान बालेंगा पेट्रोल पंप के पास सामने जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक टक्कर के बाद दूर जाकर गिरा और उसकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक में जा फंसी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर वीआईपी मूवमेंट के दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर नाराजगी जताई है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती: कमर्शियल उपभोक्ताओं को सीमित गैस, वितरण व्यवस्था की होगी रोज समीक्षा

The Duniyadari: रायपुर- प्रदेश में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए खाद्य विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले ने ऑयल कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक कर गैस आपूर्ति को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में तय किया गया कि कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ता संस्थानों और प्रतिष्ठानों को पिछले महीने की कुल खपत के अधिकतम 20 प्रतिशत तक ही गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य सीमित उपलब्धता के बीच आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देना है।

साथ ही उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के भीतर एलपीजी रिफिल की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन को सभी एलपीजी वितरकों के कार्यालयों और गोदामों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पुलिस और होमगार्ड की तैनाती की जाएगी, ताकि भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सके। वितरकों को अपने संपर्क नंबर सक्रिय रखने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उपलब्ध स्टॉक को ध्यान में रखते हुए गैस वितरण के लिए प्राथमिकता श्रेणियां भी तय की गई हैं। इनमें शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, सैन्य एवं अर्द्धसैन्य कैंप, जेल, होटल, समाज कल्याण विभाग के संस्थान, रेलवे एवं एयरपोर्ट कैंटीन, शासकीय कार्यालय, गेस्ट हाउस, पशु आहार उत्पादक इकाइयां तथा रेस्टोरेंट शामिल हैं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कमर्शियल एलपीजी स्टॉक और वितरण की दैनिक समीक्षा ऑयल कंपनियों द्वारा की जाएगी और इसकी रिपोर्ट प्रतिदिन विभाग को भेजी जाएगी।

बैठक में खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के सदस्य सचिव राजीव कुमार जायसवाल, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के मंडल एलपीजी प्रमुख श्रीपाद बक्षी, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के प्रादेशिक प्रबंधक दिलीप मीणा और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगेश डोंगरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आंधी-तूफान से पहले निगम सख्त, ढीले फ्लेक्स तुरंत हटाने के निर्देश

The Duniyadari: रायपुर- मौसम में बदलाव और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए नगर पालिक निगम रायपुर ने विज्ञापन एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी सदन स्थित निगम मुख्यालय के तृतीय तल सभाकक्ष में अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा ने पंजीकृत विज्ञापन एजेंसियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर में लगे सभी कमजोर, फटे या ढीले फ्लेक्स और होर्डिंग तत्काल हटाए जाएं, ताकि आंधी-तूफान के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही विज्ञापन सामग्री लगाई जाए और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा अपर आयुक्त ने विज्ञापन एजेंसियों से बकाया राशि जल्द जमा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिनियम के तहत जारी सभी नियमों और निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में नगर निगम के अधीक्षक (विज्ञापन) पद्माकर श्रीवास, सहायक अभियंता नीतीश झा, उपअभियंता अमित सरकार सहित पंजीकृत विज्ञापन एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।

सेंट्रल जेल से कैदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर जिले की सेंट्रल जेल से एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम कैदी जेल की दीवार फांदकर भाग निकला। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन तलाश शुरू कर दी है। साथ ही जेल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कैदी के भागने के तरीके और संभावित दिशा का पता लगाया जा सके।

बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कैदी के फरार होने की जानकारी मिली है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही कैदी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल फरार कैदी का नाम और वह किस मामले में जेल में बंद था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 67 पुलिसकर्मियों का तबादला

The Duniyadari: पेण्ड्रा- गोरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक मनोज खेलारी ने विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने और कानून-व्यवस्था को और बेहतर करने के उद्देश्य से 67 पुलिसकर्मियों के तबादले का आदेश जारी किया है।

जारी सूची के अनुसार कई थानों और चौकियों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सुरेश ध्रुव को मरवाही थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि रामनिवास राठौर को कोटमी चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं शनिप रात्रे को साइबर सेल की कमान दी गई है, जिससे जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी निगरानी की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक सहित विभिन्न श्रेणी के पुलिसकर्मी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय कार्यव्यवस्था को सुचारू बनाने, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह व्यापक फेरबदल किया गया है।

नए पदस्थापना आदेश के बाद सभी पुलिसकर्मियों को जल्द से जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

रेत धंसने से किसान की मौत, रोज़गार की तलाश में गया था नाले में

The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर जिले में रोज़ी-रोटी की तलाश एक किसान के लिए जानलेवा साबित हुई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियागांव में रेत निकालने के दौरान हुए हादसे में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जब बल्लारी नाला में हाथ से रेत निकालते समय अचानक मिट्टी और रेत धंस गई, जिससे किसान गहरे गड्ढे में दब गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद के लिए प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। हालांकि, रेत की अधिक गहराई और लगातार धंसान के खतरे के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जेसीबी मशीन की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान 37 वर्षीय सुखराम पोयाम निवासी मांझीपारा, बनियागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुखराम गौठान के पीछे स्थित नाले से रेत निकाल रहा था, तभी अचानक यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर असुरक्षित तरीके से हो रहे रेत उत्खनन और मजबूरी में जोखिम उठाने वाले ग्रामीणों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोज़गार के सीमित साधनों के बीच लोग अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं, जिससे ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।

शाखा के कर्मचारी पर कार्रवाई, बिना सूचना के ड्यूटी से थे गायब

The Duniyadari: अंबिकापुर- शासकीय कार्यों में गंभीर अनियमितता और पद के दुरुपयोग के मामले में जिला प्रशासन ने सहायक ग्रेड-02 अजय कुमार तिवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन पर दीर्घ शास्ति अधिरोपित की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय कुमार तिवारी जिला कार्यालय की नजूल शाखा में पदस्थ रहते हुए ग्राम नमनाकला, तहसील अंबिकापुर स्थित खसरा क्रमांक 243/1 की 1.710 हेक्टेयर शासकीय भूमि के नामांतरण में निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए अवैधानिक तरीके से नामांतरण प्रक्रिया में संलिप्त पाए गए। इस मामले में देहात थाना गांधीनगर में 11 मार्च 2024 को भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

इसी दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धौरपुर ने भी जानकारी दी कि अजय तिवारी 12 मार्च 2024 से बिना अनुमति के लगातार अनुपस्थित रहे। इसके बाद उन्हें निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय उदयपुर निर्धारित किया गया।

मामले की विभागीय जांच कराई गई, जिसमें जांच अधिकारी की रिपोर्ट में लगाए गए सभी आरोप प्रमाणित पाए गए। जांच में उनका आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03 एवं 07 के विपरीत पाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अजय कुमार तिवारी (निलंबित), सहायक ग्रेड-02 को दीर्घ शास्ति देते हुए पदावनत कर दिया है। साथ ही उन्हें वर्तमान में प्राप्त वेतन मैट्रिक्स के न्यूनतम स्तर पर पदावनत करने का आदेश जारी किया गया है।

अवैध डीजल भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, 3100 लीटर जब्त

The Duniyadari: धमतरी- जिले में अवैध रूप से पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में कुरुद क्षेत्र में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डीजल जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी कुरुद को मिली शिकायत के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पेट्रोल पंप के पीछे बने स्टोर रूम और परिसर में संदिग्ध तरीके से डीजल का भंडारण पाया गया।

निरीक्षण में टीम को 4 ड्रम पूरी तरह भरे हुए, 2 ड्रम आधे भरे हुए, 32 खाली ड्रम तथा दो मिनी टैंकरों में लगभग 2100 लीटर डीजल मिला। प्रारंभिक जांच में कुल करीब 3100 लीटर डीजल अवैध रूप से संग्रहित होने की पुष्टि हुई।

संयुक्त टीम ने मौके पर ही डीजल और संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया। इसके साथ ही पूरे मामले का प्रारंभिक प्रतिवेदन तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद को सौंप दिया गया है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

CGPSC State Service 2025: प्रीलिम्स रिजल्ट जारी, मेंस परीक्षा की तारीखें भी घोषित

The Duniyadari: रायपुर- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

इस वर्ष प्रारंभिक परीक्षा में कुल 3921 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। ये सभी उम्मीदवार अब अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा (मेंस) में शामिल होंगे। आयोग ने मुख्य परीक्षा की तारीखों की भी घोषणा कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य परीक्षा 16 मई से 19 मई 2025 के बीच आयोजित की जाएगी।

आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों को समय रहते मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू करने की सलाह दी है। साथ ही, मुख्य परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जल्द ही जारी की जाएगी।

उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।