The Duniyadari: मनेंद्रगढ़– कोरिया जिले के नौगई गांव में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में जांच के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। वारदात के बाद फरार चल रहे चार आरोपियों ने शनिवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड में कुल नौ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। घटना के दिन ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब चार और आरोपियों के सरेंडर करने के बाद मामले में कुल आठ आरोपी पुलिस के कब्जे में आ चुके हैं।
गौरतलब है कि 16 जून की रात कटगोड़ी क्षेत्र में रेत कारोबार को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। आरोप है कि पूर्व जनपद अध्यक्ष लल्ला सिंह को उनकी कार समेत आग के हवाले कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना में गंभीर रूप से झुलसे उनके दो साथियों ने उपचार के दौरान अंबिकापुर और बिलासपुर के अस्पतालों में दम तोड़ दिया था।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















