Home Blog Page 18

कुसमुंडा आदर्श नगर में महिलाओं ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव, पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा हुईं शामिल।

The Duniyadari: बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अंतर्गत कुसमुंडा के आदर्श नगर सामुदायिक भवन में प्रेरणा महिला मंडल के तत्वावधान में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सावन की हरियाली, लोक संस्कृति और महिलाओं की प्रतिभा से सजा यह आयोजन पूरे दिन उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा शामिल हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद महिलाओं ने सावन झूले का आनंद लिया तथा गीत-संगीत, नृत्य, रैंप वॉक, मॉडलिंग और विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाएं पारंपरिक बांधनी परिधान, हरी चूड़ियां एवं हाथों में मेहंदी सजाकर सावन के रंग में रंगी नजर आईं।

सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं ने फिल्मी, भोजपुरी एवं लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया। “चूड़ी मजा ना देगी, कंगन मजा ना देगा”, “तेरे बिना ओ साजन, सावन मजा ना देगा” और “छतरी ना खोल बरसात में” जैसे गीतों पर महिलाओं ने जमकर ठुमके लगाए और कार्यक्रम में समां बांध दिया। देर शाम तक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला चलता रहा।

सावन क्वीन एवं रैंप वॉक प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
सावन क्वीन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान किरण साहू, द्वितीय नेहा पांडे एवं तृतीय स्थान रानी पांडे ने प्राप्त किया। विजेताओं को सावन सुंदरी का खिताब भी प्रदान किया गया।

वहीं सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में सुमन देवांगन, लता साहू एवं लक्ष्मी साहू ने हिस्सा लिया। रैंप वॉक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिशा रंधावा, द्वितीय ज्योति वर्मा एवं तृतीय स्थान संगीता यादव ने प्राप्त किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष उमा कुमारी, कोषाध्यक्ष मंजू यादव, सचिव तुलेश्वरी साहू, रुबी गुप्ता, श्वेता प्रमाणिक, मनजीत कौर एवं सुखजीत कौर के संयोजन में किया गया।

इस अवसर पर सचिव तुलेश्वरी साहू ने कहा कि सावन महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा और कला को खुलकर प्रस्तुत कर सकें। वहीं कोषाध्यक्ष मंजू यादव ने कहा कि सावन महोत्सव के माध्यम से महिलाओं को सांस्कृतिक मंच प्रदान करने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय परंपरा एवं संस्कृति को बढ़ावा देना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि सावन माह का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व है। सावन हरियाली, उमंग और जीवन में खुशियों का संदेश लेकर आता है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए प्रेरणा महिला मंडल की सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी महिलाओं के लिए नाश्ता एवं डिनर की व्यवस्था की गई तथा सम्मान स्वरूप प्रत्येक महिला को उपहार भेंट किया गया। इस दौरान प्रेरणा महिला मंडल की बड़ी संख्या में सदस्य एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन में सावन की मस्ती, हरियाली और महिलाओं के उत्साह ने माहौल को यादगार बना दिया।

लिवर को स्वस्थ रखने नशे से दूरी जरूरी: डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा

The Duniyadari: कोरबा। आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा एवं हिमालया फार्मा जेंड्रा डिवीजन, बेंगलुरु के संयुक्त तत्वावधान में होटल श्री गणेश इन में चिकित्सक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में यकृत रोग (लिवर डिसीज) के कारण, बचाव एवं उपचार को लेकर चिकित्सकों ने विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद हिमालया फार्मा के साइंटिफिक सर्विसेस मैनेजर डॉ. अंकित तिवारी ने यकृत रोगों से संबंधित कारणों और निदान की जानकारी दी। उन्होंने अंचल में लिवर संबंधी बीमारियों को लेकर नि:शुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक करने की बात कही।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने इस पहल में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लिवर से जुड़ी बीमारियों के प्रमुख कारणों में नशीले पदार्थों का सेवन शामिल है। विशेष रूप से शराब का सेवन लिवर के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने चिकित्सकों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ मरीजों को भी नशे से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करने की अपील की।

सम्मेलन में एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. उदय शर्मा, डॉ. जे.पी. चंद्रा, डॉ. अतुल धाबू, डॉ. प्रदीप देवांगन, अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, सचिव डॉ. राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. संजय वैष्णव सहित कार्यकारिणी के सदस्य एवं जिले के अनेक बीएएमएस चिकित्सक उपस्थित रहे।

इसके अलावा हिमालया फार्मा बेंगलुरु के रीजनल मैनेजर रमेश गुप्ता, फार्मा सेल्स ऑफिसर कमल धारिया तथा आयुष मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य भी सम्मेलन में शामिल हुए।

करोड़ों की ‘ब्लैक करेंसी’ ठगी का अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, 7 आरोपी गिरफ्तार

The Duniyadari: रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने ‘ब्लैक करेंसी’ के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह एक व्यक्ति को उसकी रकम कम समय में दोगुनी करने का लालच देकर ठगी करने की तैयारी में था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी, 17 मोबाइल फोन, नोटों के आकार में तैयार किए गए काले कागज, कांच की प्लेटें, केमिकल और ठगी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है।

रायपुर में भी 1.13 करोड़ की ठगी का आरोप

पुलिस की जांच में पता चला कि इसी गिरोह ने रायपुर में भी एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर कथित तौर पर 1.13 करोड़ रुपये की ठगी की थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में इसी तरीके से लोगों को निशाना बनाता रहा है।

दो आरोपियों की गिरफ्तारी से खुला नेटवर्क

तेलीबांधा थाने में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय और दीपिका पॉलीवाल को गिरफ्तार किया था। उनके पास से मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड मिले थे।

पुलिस ने जब आरोपियों के मोबाइल में मौजूद चैट, फोन नंबर, सोशल मीडिया प्रोफाइल और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच की तो गिरोह के दूसरे सदस्यों तक पहुंचने के सुराग मिले। तकनीकी निगरानी के दौरान आरोपियों की गतिविधियां पुणे में सामने आईं, जिसके बाद रायपुर से पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की गई।

एक सप्ताह तक रखी नजर, फिर रिसॉर्ट में कार्रवाई

पुणे पहुंची टीम ने संभावित ठिकानों और संदिग्धों की गतिविधियों पर करीब एक सप्ताह तक निगरानी रखी। इसी दौरान खंडाला के एक रिसॉर्ट में गिरोह के सदस्यों के ठहरने की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की तो आरोपी एक व्यक्ति से बड़ी रकम लेकर उसे दोगुना करने का झांसा देते हुए मिले।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित वाराणसी का रहने वाला है और वह करोड़ों रुपये लेकर वहां पहुंचा था। आरोपियों ने रकम दोगुनी करने का लालच देकर उससे पैसे हासिल कर लिए थे। इसी दौरान पुलिस ने दबिश देकर सातों आरोपियों को पकड़ लिया। सभी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाकर पूछताछ की जा रही है।

कई शहरों तक फैला था नेटवर्क

पूछताछ में पुलिस को गिरोह के छत्तीसगढ़ के अलावा नोएडा, पुणे, बड़ौदा, उदयपुर और दिल्ली समेत कई स्थानों पर सक्रिय होने की जानकारी मिली है। पुलिस का दावा है कि गिरोह वर्ष 2005 से इस तरह की ठगी कर रहा था और अब तक देशभर में 100 से अधिक लोगों को निशाना बना चुका है।

गिरोह में प्रत्येक सदस्य की अलग भूमिका तय रहती थी। ठगी से हासिल रकम को सदस्यों के बीच तय हिस्सेदारी के आधार पर बांटा जाता था। पुलिस के मुताबिक प्रवीण कुमार श्रीवास्तव और मनोज कुमार श्रीवास्तव पहले भी ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

‘डी ग्रुप’ से संबंध का दावा कर डराते थे

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी खुद को कथित तौर पर ‘डी ग्रुप कंपनी’ या दाऊद ग्रुप से जुड़ा हुआ बताते थे। प्रभाव जमाने के लिए वे बड़े नेताओं और फिल्मी हस्तियों के साथ तस्वीरें दिखाते थे। कुछ प्रमुख सदस्य निजी सुरक्षा गार्ड भी रखते थे, जिससे पीड़ितों पर उनका प्रभाव और दबाव बना रहे।

गिरोह संभावित शिकार को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और नागपुर जैसे शहरों के बड़े होटलों में बुलाता था। वहां पहले विश्वास कायम किया जाता और फिर कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर बड़ी रकम हासिल की जाती थी।

काले कागज को नोट में बदलने का दिखाते थे झांसा

पुलिस के मुताबिक ठगी के लिए गिरोह ‘वॉश-वॉश’ तकनीक का इस्तेमाल करता था। इसमें नोट के आकार के काले कागजों को विशेष रसायन से साफ कर असली नोट में बदलने का झूठा प्रदर्शन किया जाता था।

शुरुआत में कुछ असली नोटों पर रासायनिक प्रक्रिया करके पीड़ित को विश्वास दिलाया जाता था कि यह तरीका वास्तव में काम करता है। इसके बाद विदेशी केमिकल, जांच, अधिकारियों की मंजूरी और रकम रिलीज कराने जैसी अलग-अलग बातों का हवाला देकर पीड़ित से लगातार पैसे मांगे जाते थे। बड़ी रकम मिलने के बाद आरोपी वहां से निकल जाते और पीड़ित के पास केवल काले कागज रह जाते थे।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी (46), प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन/शेट्टी/रेड्डी (52), मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर (55), विवेक सिंह (48), शुभम पांडेय (37), योगेन्द्र चौहान (48) और बालमुकुंद दीक्षित (40) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का संबंध हरियाणा, मुंबई और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से बताया गया है।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही अलग-अलग राज्यों में इस नेटवर्क द्वारा की गई संभावित ठगी की घटनाओं का भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी पर स्वास्थ्य सचिव को अवमानना नोटिस

The Duniyadari: रायपुर, 22 अगस्त। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अपने निर्देश के बावजूद तय अवधि में मामले का निपटारा नहीं किए जाने को गंभीरता से लिया है। गरियाबंद के एक स्वास्थ्यकर्मी के स्थानांतरण से जुड़े मामले में कोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया को अवमानना नोटिस जारी किया है। न्यायालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है कि आदेश का पालन नहीं होने के लिए उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न की जाए।

स्थानांतरण को लेकर हाईकोर्ट पहुंचे थे कर्मचारी

मामला गरियाबंद निवासी दायासिंह ध्रुव से संबंधित है, जो सीएमएचओ कार्यालय में ड्राइवर के पद पर कार्यरत थे। गरियाबंद कलेक्टर के आदेश से उनका तबादला मैनपुर कर दिया गया था। ध्रुव ने इस फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

छह महीने में फैसला लेने का दिया था निर्देश

याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव को निर्देश दिया था कि संबंधित कर्मचारी के अभ्यावेदन पर सुप्रीम कोर्ट के एसके नौशाद रहमान बनाम यूनियन ऑफ इंडिया मामले में निर्धारित न्यायिक सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाए। इसके लिए अदालत ने छह महीने की समय-सीमा तय की थी।

समय सीमा खत्म होने के बाद दायर हुई अवमानना याचिका

याचिकाकर्ता का कहना है कि निर्धारित छह महीने बीत जाने के बाद भी उसके मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया। स्थानांतरण आदेश को लेकर भी राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय और ऋषभदेव साहू के माध्यम से हाईकोर्ट में अवमानना याचिका प्रस्तुत की।

कोर्ट ने मांगा जवाब

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के अधिवक्ताओं ने अदालत को बताया कि निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं किया गया। उन्होंने न्यायालय अवमानना अधिनियम, 1971 की धारा 12(1) का भी उल्लेख किया।

दलीलों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने उनसे जवाब मांगा है कि न्यायालय के पूर्व आदेश का कथित रूप से पालन नहीं किए जाने पर उनके विरुद्ध अवमानना की कार्रवाई क्यों न प्रारंभ की जाए।

आज का राशिफल: जानिए 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा रविवार, करियर, धन और परिवार के मामले में मिलेंगे शुभ संकेत

The Duniyadari: आज चंद्रमा धनु राशि में हैं और सूर्य सिंह राशि में स्थित हैं। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार आज कई राशियों के लिए करियर, धन और पारिवारिक मामलों में नए अवसर बन सकते हैं। 

♈ मेष

कामकाज में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। पुराने संपर्क से लाभ होने के योग हैं। परिवार में सुख-शांति रहेगी। जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें।
शुभ रंग: लाल | शुभ अंक: 9

♉ वृषभ

आर्थिक मामलों में सावधानी रखें। किसी जरूरी काम में धैर्य से आगे बढ़ने पर सफलता मिलेगी। परिवार से शुभ समाचार मिल सकता है।
शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 6

♊ मिथुन

आज आत्मविश्वास बढ़ेगा। करियर और व्यापार में नए अवसर मिल सकते हैं। किसी बहस में पड़ने से बचें। आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है।
शुभ रंग: हरा | शुभ अंक: 5

♋ कर्क

काम में प्रगति होगी और किसी अनुभवी व्यक्ति का सहयोग मिल सकता है। परिवार के साथ समय अच्छा बीतेगा। खान-पान पर ध्यान दें।
शुभ रंग: क्रीम | शुभ अंक: 2

♌ सिंह

आज का दिन आपके लिए विशेष रूप से सकारात्मक है। आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी। महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात भविष्य में फायदा दे सकती है।
शुभ रंग: सुनहरा | शुभ अंक: 1

♍ कन्या

मानसिक दबाव कम होगा और परिवार के साथ अच्छा समय बीतेगा। नौकरी में आपकी कार्यशैली की प्रशंसा हो सकती है। पुराने काम पूरे करने का अच्छा समय है।
शुभ रंग: आसमानी | शुभ अंक: 5

♎ तुला

मेहनत का अच्छा परिणाम मिल सकता है। करियर में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। भाई-बहन या करीबी व्यक्ति का सहयोग प्राप्त होगा।
शुभ रंग: नीला | शुभ अंक: 6

♏ वृश्चिक

आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। अचानक कोई अच्छी खबर मिल सकती है। रिश्तों में पारदर्शिता रखें और अनावश्यक खर्च से बचें।
शुभ रंग: मैरून | शुभ अंक: 9

♐ धनु

आज मान-सम्मान बढ़ सकता है। सामाजिक और पारिवारिक क्षेत्र में आपकी बात को महत्व मिलेगा। हालांकि किसी बड़े फैसले में जल्दबाजी न करें।
शुभ रंग: पीला | शुभ अंक: 3

♑ मकर

काम में लाभ के संकेत हैं, लेकिन छोटी बातों पर विवाद से बचें। साझेदारी या व्यावसायिक मामलों में समझदारी से निर्णय लें।
शुभ रंग: भूरा | शुभ अंक: 8

♒ कुंभ

धन लाभ और रुका हुआ पैसा मिलने के योग हैं। यात्रा की योजना बन सकती है। अधूरे काम पूरे करने का अच्छा दिन है। गुस्से पर नियंत्रण रखें।
शुभ रंग: नीला | शुभ अंक: 4

♓ मीन

करियर और कारोबार में सफलता मिल सकती है। पुराने काम पूरे होंगे और परिवार का सहयोग मिलेगा। नकारात्मक विचारों से दूर रहें।
शुभ रंग: पीला | शुभ अंक: 7

✨ आज के लिए खास: सिंह, धनु, मेष, मिथुन और कुंभ राशि वालों के लिए दिन अपेक्षाकृत अच्छा रहने के संकेत हैं। 

चेन झपटमारी गिरोह के चोरी के माल तक पहुंची पुलिस, कटघोरा का सोनार गिरफ्तार

The Duniyadari: कोरबा, 22 अगस्त। बसों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से सोने की चेन व मंगलसूत्र छीनने वाले गिरोह के खिलाफ रतनपुर पुलिस की जांच अब चोरी के जेवर खपाने वाले नेटवर्क तक पहुंच गई है। पुलिस ने इस मामले में कटघोरा निवासी एक सोनार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम दुबे (35), निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

झपटमारी करने वाली महिलाओं से मिली अहम जानकारी

यह कार्रवाई उस महिला गिरोह से जुड़ी बताई जा रही है, जिसे पुलिस ने कुछ दिन पहले एक यात्री बस को रुकवाकर पकड़ा था। पुलिस के अनुसार, गिरोह की महिलाएं बसों और भीड़ वाले स्थानों पर यात्रियों पर नजर रखती थीं। मौका मिलते ही महिलाओं के गले से चेन या मंगलसूत्र खींचकर फरार हो जाती थीं।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी किए गए सोने को खरीदने वाले व्यक्ति के संबंध में जानकारी मिली। इसी कड़ी में जांच आगे बढ़ने पर कटघोरा के सोनार गौतम दुबे का नाम सामने आया।

पूछताछ में सामने आया सोना खरीदने का मामला

पुलिस ने गौतम दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा गिरोह से चोरी का सोना खरीदने और उसे गलाकर दूसरे रूप में बदलने की जानकारी सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 67 ग्राम पिघला हुआ सोना बरामद किया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोना किन वारदातों से संबंधित है और चोरी के जेवर को आगे किस तरह बाजार में खपाया जाता था।

कोरबा की घटनाओं से भी जुड़ सकती हैं कड़ियां

महिला झपटमार गिरोह की गिरफ्तारी के बाद कोरबा में सामने आई कुछ चेन स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर भी जांच तेज होने की संभावना है। पुलिस को संदेह है कि गिरोह के सदस्यों का इन घटनाओं से भी संबंध हो सकता है।

अब सोनार से पूछताछ और बरामद सोने की जांच के आधार पर पुलिस चोरी के जेवर की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इससे यह स्पष्ट हो सकता है कि झपटमारी के बाद चोरी का माल किन लोगों तक पहुंचता था।

पुलिस टीम की कार्रवाई

पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय और प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस चोरी के सोने की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य संभावित लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई के साथ पुलिस की जांच अब केवल चेन झपटमारी करने वाले आरोपियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि चोरी के जेवर को खरीदकर उसे खपाने वाले नेटवर्क की ओर भी बढ़ गई है।

नितिन नवीन ने नई टीम के साथ की पहली बैठक, संगठन और चुनावी रणनीति पर मंथन

The Duniyadari: ­नई दिल्ली/रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हाल ही में नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली औपचारिक बैठक की। बैठक में संगठन की कार्यप्रणाली, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है।

बैठक के दौरान नई टीम के सदस्यों को उनकी भूमिकाओं और संगठन से जुड़ी अपेक्षाओं के बारे में जानकारी दी गई। पार्टी नेतृत्व की ओर से संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय रखने तथा लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।

सोशल मीडिया और मीडिया संवाद पर भी फोकस

बैठक में बदलते राजनीतिक माहौल में सोशल मीडिया की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों को पार्टी की गतिविधियों और नीतियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने के साथ मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियां भी बैठकों के एजेंडे में महत्वपूर्ण रहने वाली हैं। अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन की तैयारियों, राज्यों में पार्टी की गतिविधियों और नई टीम से अपेक्षाओं पर मंथन किया जा रहा है। साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा होगी।

प्रदेश अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों से भी करेंगे संवाद

नितिन नवीन भाजपा के विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों, प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ भी अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में राज्यों की संगठनात्मक स्थिति और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

बैठकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा प्रस्तावित है। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। इसके बाद से वे लगातार सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों पर रहे हैं।

65 सदस्यीय नई टीम में 51 नए चेहरे

गौरतलब है कि भाजपा ने 17 अगस्त को नितिन नवीन के नेतृत्व में 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। पार्टी की नई टीम में 51 नए चेहरों को जगह दी गई है।

छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दीपक महस्के को सोशल मीडिया टीम की कमान दी गई है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की नई टीम के साथ यह पहली बड़ी बैठक है। ऐसे में इन बैठकों को भाजपा के संगठनात्मक विस्तार, आगामी चुनावी तैयारियों और आने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रमों की दिशा तय करने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के 158 नगरीय निकायों को बड़ी वित्तीय मदद, 74.88 करोड़ रुपये जारी

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के नगरीय निकायों की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए करीब 74.88 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से यह राशि विभिन्न वित्तीय मदों के तहत प्रदेश के 158 नगरीय निकायों को उपलब्ध कराई गई है। विभाग ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की मंजूरी के बाद संबंधित निकायों के लिए आबंटन आदेश जारी किया है।

इस राशि से नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को अपने नियमित खर्चों के साथ स्थानीय स्तर पर जरूरी नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को संचालित करने में आर्थिक सहायता मिलेगी।

10 नगर निगमों के लिए 45 करोड़ से ज्यादा

जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 10 नगर निगमों को सबसे अधिक 45 करोड़ 7 लाख 90 हजार रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा 48 नगर पालिकाओं के लिए 18 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपये और 100 नगर पंचायतों के लिए 11 करोड़ 19 लाख 92 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इस तरह तीनों श्रेणियों के निकायों को मिलाकर कुल आबंटन 74 करोड़ 88 लाख 17 हजार रुपये है।

कई वित्तीय मदों से मिली राशि

विभाग ने अलग-अलग मदों के तहत यह वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराया है। इनमें अनिवार्य निधि, राजस्व संग्रह, चुंगी क्षतिपूर्ति, उत्पाद कर, बार लाइसेंस और मुद्रांक से संबंधित मद शामिल हैं।

वेतन और जरूरी कामों में भी होगा उपयोग

आबंटित राशि से नगरीय निकाय अपने कर्मचारियों के वेतन, सेवानिवृत्ति से जुड़े भुगतान और आवश्यक रखरखाव जैसे खर्चों को पूरा करने में सक्षम होंगे। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर जरूरी मरम्मत एवं संधारण कार्यों के लिए भी इस राशि का उपयोग किया जा सकेगा।

बारिश या अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों में जल निकासी, नालियों की सफाई और क्षतिग्रस्त सार्वजनिक ढांचे की तत्काल मरम्मत जैसे कामों में भी उपलब्ध वित्तीय संसाधन निकायों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

निकायों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर

सरकार की इस पहल को नगरीय निकायों को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पर्याप्त वित्तीय संसाधन मिलने से स्थानीय निकाय अपने नियमित दायित्वों के साथ-साथ क्षेत्र की जरूरत के अनुसार नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों पर भी ध्यान दे सकेंगे।

कुल राशि: ₹74 करोड़ 88 लाख 17 हजार

  • नगर निगम: 10 — ₹45 करोड़ 7 लाख 90 हजार
  • नगर पालिका: 48 — ₹18 करोड़ 60 लाख 34 हजार
  • नगर पंचायत: 100 — ₹11 करोड़ 19 लाख 92 हजार

परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर छात्रा से आपत्तिजनक चैट का आरोप, अतिथि शिक्षक गिरफ्तार

The Duniyadari: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से शिक्षक की भूमिका पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बांदे थाना क्षेत्र के मरोड़ा स्थित हाईस्कूल में पदस्थ एक अतिथि शिक्षक पर नाबालिग छात्रा को परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर कथित तौर पर अनुचित बातचीत करने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अतिथि शिक्षक की पहचान आशीष मंडल के रूप में हुई है। वह वर्ष 2016 से स्कूल में पदस्थ बताया जा रहा है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को पढ़ाई में कमजोर बताते हुए परीक्षा में असफल होने की बात कही थी। पास होने को लेकर जानकारी लेने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद मामला कथित रूप से आपत्तिजनक व्हाट्सऐप चैट तक पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि यह बातचीत 16 अगस्त से चल रही थी। शिक्षक के कथित व्यवहार से परेशान छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर बांदे थाना पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

शिक्षक की जिम्मेदारी पर उठे सवाल

घटना के सामने आने के बाद स्कूलों में नाबालिग विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षकों के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शिक्षक और छात्र के बीच विश्वास के रिश्ते को देखते हुए ऐसे आरोपों को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। नाबालिग छात्रा की पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत उजागर नहीं की गई है। आरोपी शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।

आज का राशिफल: ग्रहों की चाल से इन राशियों को मिलेगा लाभ, जानें 12 राशियों का हाल

The Duniyadari: आज ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार कई राशियों को काम और करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं, जबकि कुछ राशियों को जल्दबाजी और बड़े फैसलों से बचने की सलाह है।

♈ मेष: आज जल्दबाजी में बड़ा फैसला न लें। काम में जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं, लेकिन मेहनत का फायदा मिलेगा। वाणी पर संयम रखें। 

♉ वृषभ: पार्टनरशिप और पारिवारिक मामलों में धैर्य रखें। कारोबार में लाभ के अवसर मिल सकते हैं, लेकिन आर्थिक फैसले सोच-समझकर लें।

♊ मिथुन: बातचीत और विचार रखने की क्षमता मजबूत रहेगी। पढ़ाई/काम में फायदा होगा, लेकिन स्वास्थ्य और दिनचर्या की अनदेखी न करें।

♋ कर्क: आज सोचने-समझने की क्षमता अच्छी रहेगी। कोई पुराना उलझा मामला सुलझ सकता है। परिवार का सहयोग मिलेगा।

♌ सिंह: आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता मजबूत रहेगी। कार्यक्षेत्र में अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिल सकता है। 

♍ कन्या: अधूरे काम पूरे करने में सफलता मिल सकती है। बातचीत में भावुक होकर प्रतिक्रिया देने से बचें। 

♎ तुला: करियर में आपकी बुद्धिमत्ता और काम करने की क्षमता की सराहना हो सकती है। आर्थिक मामलों में बड़ा निर्णय लेने से पहले विचार करें। 

♏ वृश्चिक: आज भावनात्मक रूप से थोड़ा संवेदनशील महसूस कर सकते हैं। नया बड़ा काम शुरू करने से बचें और पैसों के मामले में जल्दबाजी न करें। 

♐ धनु: दिन का दूसरा भाग ज्यादा अनुकूल रह सकता है। पढ़ाई, यात्रा या नए अवसरों से फायदा मिलने के योग हैं। परिवार का सहयोग मिलेगा। 

♑ मकर: मेहनत और आत्मविश्वास से काम आगे बढ़ेगा। पुराने मुद्दे फिर सामने आ सकते हैं, इसलिए बोलने से पहले सोचें।

♒ कुंभ: करियर और आर्थिक मामलों में सावधानी रखें। खर्चों की समीक्षा करना फायदेमंद रहेगा। नए विचारों पर काम करने का अवसर मिल सकता है। 

♓ मीन: रचनात्मक कामों में सफलता मिल सकती है। भाग्य का साथ पाने के लिए मेहनत और अनुशासन बनाए रखें। स्वास्थ्य और दिनचर्या पर ध्यान दें।

⭐ आज की शुभ राशियां

वृषभ, मिथुन, सिंह, तुला और धनु के लिए दिन अपेक्षाकृत बेहतर रहने के संकेत हैं। 

नोट: राशिफल ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित सामान्य भविष्यफल है, इसे निश्चित भविष्यवाणी न मानें।