Home Blog Page 20

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर शबरी सेवा संस्थान कोरबा ने दिलाई नशामुक्त भविष्य की शपथ

The Duniyadari: कोरबा 01 जून 2026/

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन कोरबा के मार्गदर्षन में छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान द्वारा संचालित नशामुक्ति केंद्र (पुनर्वास केंद्र), अमरैयापारा के माध्यम से कोरबा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय भवन, में जागरूकता अभियान एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्माकुमारी रुक्मणी दीदी एवं ब्रह्माकुमारी बिंदु दीदी ने की। मंच संचालन ब्रह्माकुमारी मधुबाला एवं पूजा दीदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू केवल इसका सेवन करने वाले व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोगों तथा पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है। आज का युवा वर्ग तंबाकू, ई-सिगरेट, वैपिंग और फ्लेवर्ड हुक्का को आधुनिकता एवं आकर्षण का प्रतीक समझकर इनके प्रभाव में आ रहा है। ऐसे में समाज को इन भ्रामक प्रचारों के पीछे छिपे स्वास्थ्य संबंधी खतरों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।

वक्ताओं ने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस का उद्देश्य तंबाकू और निकोटीन उद्योग द्वारा युवाओं को लक्षित कर किए जा रहे भ्रामक प्रचार का पर्दाफाश करना तथा लोगों को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को जीवनभर तंबाकू एवं अन्य किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की ‘तंबाकू मुक्त शपथ’ दिलाई गई।

जनदर्शन में आमजन की समस्याएं सुनी गईं, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश’

The Duniyadari: कोरबा, 01 जून 2026/

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं के निराकरण हेतु जिला प्रशासन के समक्ष आवेदन दिए।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में उपस्थित प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जनदर्शन के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें तालाब गहरीकरण, भूमि एवं राजस्व संबंधी विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति, पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से लाभ दिलाने, राशन कार्ड, पट्टा प्रदान करने, सीमांकन, भूमि डायवर्जन, खाता विभाजन, विद्युत व्यवस्था में सुधार, महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित मामलों सहित कुल 140 अन्य जनसमस्याओं के आवेदन शामिल रहे।

कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर यथाशीघ्र राहत प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की अनावश्यक विलंब न हो और आवेदकों को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराया जाए।

जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल एवं ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

खनिज उड़नदस्ता दल की कार्रवाई-18 स्थानों पर दबिश, 7 वाहन जब्त

The Duniyadari: कोरबा, 01 जून 2026/

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के 18 विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर अवैध खनन गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की।

जांच के दौरान सीतामढ़ी, बरमपुर, छुराकछार, झोराघाट, कूचापारा, मौहरा, औराभाठा, डुडगा, चाकागुड़ा, कनबेरी, कुदुरमाल, गीतारी, चिचोली, कटबितला, भैंसामुड़ा, भिलाईखुर्द, सुहागपुर और भैसमा क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन एवं उत्खनन की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान रेत, गिट्टी, मिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन में संलिप्त 7 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें जमनीपाली, छुरीकला, औराभाटा, पहन्दा तथा अन्य क्षेत्रों में अवैध परिवहन करते पाए गए ट्रैक्टर शामिल हैं। जब्त वाहनों को नियमानुसार कार्रवाई हेतु दर्री थाना, बाल्कोनगर थाना तथा खनिज जांच नाका रामपुर, कटघोरा एवं उरगा में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

‘‘इसके आकर्षण का पर्दाफास- निकोटीन और तम्बाकू कि लत का मुकाबला‘‘थीम के साथ मनाया गया विश्व तम्बाकू निषेध दिवस

The Duniyadari: कोरबा 01 जून 2026/

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी के नेतृत्व में 31 मई को जिले में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस मनाया गया। तम्बाकू कई स्वास्थ्य संबधी समस्याओं जैसे हृदय रोग, कैंसर, फेफड़ों की बीमारी और स्ट्रोक का मुख्य कारण है। प्रतिवर्ष तम्बाकू के उपयोग के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने, लोगों को धूम्रपान छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने , युवा पीढ़ी को इसे शुरू करने से रोकने और तम्बाकू की खपत को कम करने वाली प्रभावी नितियों को लागू करने के लिए निर्णय का समर्थन करने के लिए यह दिवस मनाया जाता है।

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर स्व.बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय कोरबा के सभाकक्ष में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सेक्रेटरी कुमारी डिम्पल भेडीया, एमएस डॉ.गोपाल कँवर,नोडल अधिकारी डॉ.कुमार पुष्पेश,डॉ.भास्कर,ब्रम्हकुमारी से बड़ी दीदी,श्री मखीजा जी , गणमान्य नागरिक, जी एन एम कालेज से प्रशिक्षु नर्सेस, अधिकारी और कर्मचारी तथा मरीजों के परिजन उपस्थित थे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि तम्बाकू का सेवन दुनिया में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। तम्बाकू कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं जैसे कई तरह के कैसर, हृदय रोग, फेफडों की बिमारी और स्ट्रोक का कारण है। तम्बाकू न सिर्फ सेहत पर असर डालता है बल्कि पर्यावरण पर भी कई तरह से बुरा असर डालता है। उन्होने बताया कि कोटपा एक्ट 2003 के धारा 4 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रतिबंध, धारा 5 के तहत सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पादन के विज्ञापन पर प्रतिबंध, धारा 6 के तहत नाबालिगो और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सिगरेट या अन्य तम्बाकू उत्पादो की बिक्री पर प्रतिबंध, बिना विषिष्ट स्वास्थ्य चेतावनियों के सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध है। धारा 4 एवं 6 के तहत 200 रूपये तक जुर्माना किया जा सकता है। तम्बाकू उत्पाद बेचने पर प्रतिबंधित करने वाले पोस्टर दुकानो मे चस्पा किया जाता है इसके साथ ही तम्बाकू उत्पाद नही बेचने हेतु निर्देषित किया जाता है। समय समय पर टीम द्वारा तम्बाकू उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ चालानी की कार्यवाही की जाती है तथा जुर्माना किया जाता है।

इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं द्वारा तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों के उपयोग से होने वाले सामाजिक- आर्थिक एवं स्वास्थ्य सम्बन्धी नुकसान के बारे में बताया गया। साथ ही यूवाओं एवं विद्यार्थियों से तम्बाकू सेवन से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरुक करने को कहा गया द्य तथा किसी भी तम्बाकू उत्पादों का उपयोग या सेवन नहीं करने तथा अपने परिजनों तथा परिचितों को भी तम्बाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित करने का शपथ लिया गया। स्व.बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय कोरबा में रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमे जी एन एम कालेज से प्रशिक्षु नर्सेस द्वारा भाग लिया गया और प्रथम द्वितीय तथा तृतीय स्थान पाने वाले प्रतियोगी को पुरस्कार वितरण किया गया।

जिले के समस्त शहरी एवं ग्रामीण ,सामु./प्रा.स्वास्थ्य केन्द्रो, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उपस्वास्थ्य केन्द्रो में किसी भी तम्बाकू उत्पादों का उपयोग या सेवन नहीं करने तथा अपने परिजनों तथा परिचितों को भी तम्बाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित करने का शपथ लिया गया। इस अवसर पर समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर गैर धुम्रपान तम्बाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामों में पोस्टर,पाम्पलेट, लिफलेट, फ्लेक्स तथा रैली का आयोजन कर लोगों को तम्बाकू उत्पादों से होने वाले हानिकारक प्रभावों के संबंध में जागरूक किया गया।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के लोगों से अपील की है कि अपने जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का तम्बाकू उत्पादों का सेवन ना करे एवं अपने परिजनों, मित्रो या परिचितों को भी तम्बाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित करें ।

अपने पर्यावरण केा भी तंबाकू उत्पादों के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों से बचाने में योगदान करें तथा तंबाकू उपयोग से होने वाली पीड़ा को कम करने और भविष्य की पीढियों के लिए एक बेहतर स्वस्थ्य दुनिया बनाने में मदद करें। अधिक जानकारी के लिए जिला चिकित्सालय के तम्बाकू मुक्ति केन्द्र कक्ष क्रमांक 112 में सम्पर्क किया जा सकता है।

कोरबा जिले में डिजिटल जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत सफलतापूर्वक संपन्न

The Duniyadari: *आंकड़ों का संग्रहण पूर्ण*

कोरबा 01 जून 2026/

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत के कुशल निर्देशन में कोरबा जिले के सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा जिले के समस्त चार्जों में जनगणना का कार्य पूरी सफलता के साथ पूर्ण कर लिया गया है।

जिले के सभी 06 नगरीय निकायों, नगर पालिक निगम कोरबा के 07 जोनों, नगर पालिका परिषद दीपका, कटघोरा एवं बांकीमोंगरा तथा नगर पंचायत पाली एवं छुरीकला सहित सभी 12 तहसीलों (कोरबा, भैसमा, बरपाली, करतला, कटघोरा, दर्री, पोड़ी-उपरोड़ा, पसान, पाली, हरदीबाजार, दीपका एवं अजगरबहार) में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एच.एल.बी.) की पहचान करते हुए शत-प्रतिशत डेटा संग्रहण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

*पहली डिजिटल जनगणना तकनीक का हुआ सफल प्रयोग*

यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है, जिसके अंतर्गत प्रगणकों द्वारा फील्ड में जाकर कुल 33 प्रमुख बिंदुओं (भवन की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं, निर्माण सामग्री का प्रकार, खाद्यान्न, टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, कार की उपलब्धता आदि) से संबंधित जानकारी सीधे ‘‘एचएलओ ऐप’’ में दर्ज की गई। डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रगणकों द्वारा दर्ज किया गया डेटा रियल-टाइम में सुपरवाइजरों की आईडी में सिंक हुआ, जिसे पूरी सतर्कता के साथ सत्यापित कर मुख्य सर्वर पर भेज दिया गया है। डिजिटल माध्यम से कार्य होने के कारण अब डेटा प्रोसेसिंग तीव्र गति से होगी, जिससे विकास कार्यों के लिए आवश्यक आंकड़े सरकार को शीघ्र उपलब्ध हो सकेंगे। आंकड़े भारत सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से जारी किए जाएंगे।

*अधिकारियों की निगरानी में हुआ उत्कृष्ट कार्य*

आशुतोष पाण्डेय, प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत 07 जोनों की सटीक निगरानी के कारण पूरे राज्य में नगर पालिक निगम कोरबा ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सर्वप्रथम पूर्ण किया। इस प्रकार नगर पालिक निगम कोरबा जनगणना कार्य को समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करने में प्रथम स्थान पर रहा।

कलेक्टर के निर्देश पर जिला जनगणना अधिकारी द्वारा इस पूरी प्रक्रिया की निरंतर मॉनिटरिंग की गई। कार्य की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी 24 चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों पर सतत निगरानी रखी गई। सभी तहसीलदारों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों द्वारा जिले में जनगणना के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूर्ण कराया गया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से समन्वय स्थापित कर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न कराया।

जिला कोरबा के लिए अधिकृत राज्य नोडल अधिकारी श्री बैद्यनाथ जी द्वारा विभिन्न चार्जों में फील्ड कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जिले में स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी तकनीकी शंकाओं एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया गया।

*मानव संसाधन और जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट समन्वय*

जिले में फील्ड स्तर पर रिजर्व सहित कुल 2,215 प्रगणक एवं 376 सुपरवाइजर, अर्थात कुल 2,591 जनगणना कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता एवं सतत परिश्रम से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इन कार्मिकों ने प्रत्येक ग्राम, वार्ड एवं मोहल्ले में घर-घर जाकर डिजिटल माध्यम से जानकारी संकलित की, जिसके परिणामस्वरूप हाउस लिस्टिंग एवं आवास गणना (एच.एल.बी.) का कार्य निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा सका। फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने भीषण गर्मी और भौगोलिक चुनौतियों का सामना करते हुए जिले के कोने-कोने तक पहुंचकर इस अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया।

*कलेक्टर ने दी बधाई एवं जताया आभार*

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जिले में कुल 2,078 एच.एल.बी. में कार्यरत सभी 2,591 प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं 24 चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार, जोन कमिश्नर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी) तथा पूरी प्रशासनिक टीम को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समय-सीमा के भीतर और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न करने पर हार्दिक बधाई दी है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा सभी माननीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया एवं प्रेस प्रतिनिधियों को भी इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में योगदान के लिए बधाई प्रेषित की गई तथा उनका आभार व्यक्त किया गया।

साथ ही उन्होंने जिले के उन 10,669 परिवारों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सजगता एवं नागरिक कर्तव्यबोध का परिचय देते हुए ‘‘स्व-गणना’’ के माध्यम से पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराई।

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पोंड़ीउपरोड़ा में प्रवेश हेतु 15 जून तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

The Duniyadari: कोरबा 01 जून 2026/

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पाली में व्यवसाय- कोपा, आईओटी टेक्नीशियन (स्मार्ट एग्रीकल्चर) एवं आईओटी टेक्नीशियन (स्मार्ट हेल्थकेयर) में रिक्त स्थानों के लिये प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 15 जून 2026 रात्रि 11.59 बजे तक आमंत्रित किया गया है।

इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी उक्त वेबसाइट पर उपलब्ध है।

ऑपरेशन क्लीन हंट: मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

The Duniyadari: Raigarh जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने कई महीनों से लंबित चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हे और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सितंबर 2025 में घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक-15 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल दुकान से कीमती सामान गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दुकान संचालक ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दिया। आरोप था कि वह ग्राहक बनकर दुकान में आता था और मौका मिलते ही सामान चोरी कर ले जाता था।

मामले की जांच के दौरान आरोपी लगातार पुलिस से बचता रहा, लेकिन हाल ही में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे घरघोड़ा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने दुकान से एलसीडी टीवी, मोबाइल फोन, इंडक्शन और पंखों की चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किया गया मोबाइल फोन एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया था। पुलिस ने खरीदार को भी पकड़कर उसके पास से मोबाइल बरामद कर लिया।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सुशासन तिहार कार्यक्रम में बड़ा हादसा टला, पंडाल का पंखा फटने के बाद लगी आग

The Duniyadari: मोहला-मानपुर जिले के खरदी गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान एक तकनीकी खराबी ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए एक इलेक्ट्रिक पंखे में अचानक विस्फोट जैसी स्थिति बनी, जिसके बाद उसमें आग लग गई और धुआं उठने लगा।

घटना उस समय हुई जब कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे और मंच पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में शामिल थे। पंखे से अचानक धुआं निकलता देख लोगों में घबराहट फैल गई। हालांकि मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और बिजली विभाग की टीम ने तत्काल स्थिति को संभाल लिया।

कर्मचारियों ने बिना देर किए संबंधित विद्युत लाइन की सप्लाई बंद कर दी, जिससे आग फैलने से पहले ही नियंत्रित हो गई। समय पर कार्रवाई होने से किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आबकारी विभाग को सौंपी गई थी। घटना के बाद कार्यक्रम कुछ देर प्रभावित रहा, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर गतिविधियां फिर शुरू कर दी गईं। प्रशासन ने राहत की सांस ली क्योंकि त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

आत्मानंद स्कूलों की 57 पदों पर भर्ती स्थगित, डाक विभाग पर भी लगा जुर्माना

The Duniyadari: बलौदाबाजार जिले के 16 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा आधार पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों के तहत यह आदेश जारी किया है। इन विद्यालयों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक श्रेणी के कुल 57 रिक्त पदों पर भर्ती प्रस्तावित थी। अब इन पदों के लिए चयन प्रक्रिया केंद्रीयकृत परीक्षा संचालनालय के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
इधर, जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग बलौदाबाजार ने समय पर स्पीड पोस्ट नहीं पहुंचाने के मामले में डाक विभाग को सेवा में कमी का दोषी माना है। लवन निवासी पूनम चौहान ने स्वास्थ्य विभाग में संविदा नियुक्ति के लिए तीन अलग-अलग आवेदन मार्च 2025 में स्पीड पोस्ट से भेजे थे। हालांकि निर्धारित समय सीमा से पहले आवेदन संबंधित कार्यालय तक नहीं पहुंच सके, जिसके कारण उनके आवेदन स्वीकार नहीं किए गए और वापस लौटा दिए गए।
आयोग ने मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि डाक विभाग तय समय में डाक पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रयास करने में विफल रहा। इससे आवेदिका को नौकरी के अवसर से वंचित होना पड़ा और उसे मानसिक व आर्थिक नुकसान भी हुआ। आयोग ने उपडाकपाल लवन और मुख्य पोस्टमास्टर जनरल रायपुर को आंशिक रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए डाक शुल्क 123 रुपये लौटाने, 10 हजार रुपये क्षतिपूर्ति तथा 3 हजार रुपये वाद-व्यय के रूप में भुगतान करने का आदेश दिया है।

नदी में डूबे युवक का शव दो दिन बाद मिला, शादी समारोह से लौटते समय हुआ था हादसा

The Duniyadari: बलरामपुर जिले में गागर नदी में डूबे एक युवक का शव घटना के दो दिन बाद बरामद किया गया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता हुआ देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को नदी से बाहर निकाला।

मृतक की पहचान बरियों उरांव पारा निवासी 22 वर्षीय फुलसाय लकड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने दोस्तों के साथ गागर नदी गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया था, लेकिन पहले दिन कोई सफलता नहीं मिली। अगले दिन भी तलाश जारी रही, मगर लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ जाने से अभियान प्रभावित हुआ।

सोमवार सुबह हक्कादह दरहा क्षेत्र के पास ग्रामीणों ने नदी में शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।