The Duniyadari: रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डाल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट में शनिवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अपार्टमेंट की लिफ्ट में लगी थी, जिसके कारण कुछ ही मिनटों में धुआं पूरे भवन में फैल गया। घटना के समय कई परिवार अपने-अपने फ्लैट में मौजूद थे, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लिफ्ट के पास से पहले धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग भड़क गई। स्थिति को गंभीर होता देख मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत अलार्म बजाकर सभी रहवासियों को सतर्क किया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की।
गार्ड और अपार्टमेंट के निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि आग की वजह से लिफ्ट पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद अपार्टमेंट में सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।















