Home Blog Page 52

रायपुर से बस्तर तक अमित शाह का दौरा, डायल-112 को मिली नई ताकत, नक्सल प्रभावित इलाकों में जनसुविधाओं पर फोकस

The Duniyadari: रायपुर- केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान राजधानी रायपुर में प्रदेश की आपातकालीन सेवा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस डायल-112 के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में त्वरित पुलिस सहायता और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यभर में शुरू की जा रही मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। प्रदेश के सभी 33 जिलों में इन यूनिट्स की शुरुआत की जा रही है, जिनमें आधुनिक वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से किसी भी घटना स्थल पर शुरुआती जांच तुरंत की जा सकेगी, जिससे अपराधों की जांच में तेजी आएगी और साक्ष्य सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह बस्तर दौरे पर रवाना होंगे। बस्तर पहुंचने के बाद वे सबसे पहले आदिवासी नायक गुंडाधुर के गांव नेतानार जाएंगे। यहां स्थित सीआरपीएफ कैंप को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्घाटन शाह करेंगे। इस केंद्र के जरिए स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र का नामकरण भी केंद्रीय गृहमंत्री के हाथों किया जाएगा।

दौरे के दौरान अमित शाह नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों, शहीद जवानों के परिजनों और क्षेत्र के समाज प्रमुखों से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विकास और विश्वास निर्माण की दिशा में अहम संदेश देगा।

रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा या सिर्फ दिखावा? जब्त रेत फिर नदी में बहाई, अब गौमाता चौक की डंप रेत चर्चा में

The Duniyadari: कोरबा – जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हाल ही में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित रेत को जब्त किया था। हैरानी की बात यह रही कि कार्रवाई के बाद जब्त रेत को नदी में ही वापस डलवा दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

अब शहर के गौमाता चौक के पास भारी मात्रा में डंप की गई रेत चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से यहां रेत का अवैध भंडारण किया गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई का “मुहूर्त” शायद अभी तक नहीं निकला है, इसलिए खुलेआम डंप रेत पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा।

सूत्रों के मुताबिक, जिले में रेत के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ समय-समय पर अभियान तो चलाया जाता है, लेकिन कार्रवाई स्थायी नहीं हो पाती। यही वजह है कि रेत माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हैं। गौमाता चौक में डंप रेत को लेकर भी प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि शासन की कार्रवाई केवल दिखावा बनकर न रह जाए।

मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से मोबाइल स्नैचिंग, रायपुर की कानून व्यवस्था पर फिर उठे सवाल छत्तीसगढ़ की

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। लूट, छीना-झपटी और चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं के बीच सोमवार सुबह भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मोबाइल स्नैचिंग का शिकार हो गए। घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सिरे से बहस छेड़ दी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे धरमलाल कौशिक रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक अचानक उनके करीब पहुंचा और हाथ में रखा मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं सके। घटना के समय कौशिक अकेले थे।

वारदात के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई और वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। इसके लिए अलग-अलग टीमों को भी लगाया गया है, लेकिन फिलहाल बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर बताए जा रहे हैं।

घटना ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे हैं। ऐसे में विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का नया मुद्दा मिल गया है।

राजधानी में पिछले कुछ दिनों से लगातार मोबाइल स्नैचिंग, चाकूबाजी और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। हाल ही में पंडरी इलाके में एक युवक पर ब्लेड से हमला कर मोबाइल लूट लिया गया था। वहीं खरोरा इलाके में हुई करीब 80 लाख रुपये की बड़ी लूट के आरोपी भी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।

लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अब राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

शराब के नशे में बेटे ने मां की ली जान, मासूम बेटी पर भी बरपाया कहर

The Duniyadari: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड क्रमांक 15 स्थित चिकटवानी के मुड़ाटिकरा मोहल्ले में शनिवार दोपहर घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि एक बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हमले में बीच-बचाव करने पहुंची उसकी 9 वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार मृत महिला की पहचान 70 वर्षीय मिरीना लकड़ा के रूप में हुई है, जबकि घायल बच्ची अगस्तिना लकड़ा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप लकड़ा अपनी बड़ी बेटी के इलाज के सिलसिले में घर आया था। वह आयुष्मान कार्ड लेने पहुंचा था ताकि सरकारी इलाज सुविधा का लाभ मिल सके। इसी दौरान उसने शराब पी रखी थी और किसी बात को लेकर मां से विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपी ने डंडे से अपनी मां पर हमला कर दिया। मां की चीख-पुकार सुनकर बाहर आई उसकी 9 वर्षीय बेटी ने जब बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में पुलिस ने खोजी कुतिया ‘रूबी’ की मदद ली। स्निफर डॉग ने घटनास्थल से गंध पकड़ते हुए पुलिस को गांव की बस्ती तक पहुंचाया और बादल किराना दुकान के पास अहम सुराग मिला। पूछताछ में पता चला कि आरोपी वहां सामान लेने आया था और रायगढ़ भागने की तैयारी में था। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदीप लकड़ा को हिरासत में ले लिया।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

दवा दुकानों की हड़ताल से पहले सरकार अलर्ट, मरीजों को राहत देने वैकल्पिक व्यवस्था तैयार

The Duniyadari: Raipur- 20 मई को प्रस्तावित देशव्यापी दवा विक्रेता हड़ताल को देखते हुए छत्तीसगढ़ का खाद्य एवं औषधि प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आम लोगों, विशेषकर गंभीर मरीजों को दवाइयों की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए राज्यभर में वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में विभिन्न केमिस्ट संगठनों ने राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान किया है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जीवनरक्षक दवाइयों, इमरजेंसी मेडिकल प्रोडक्ट्स और जरूरी चिकित्सा सामग्री की सप्लाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, सरकारी अस्पताल, नर्सिंग होम और अन्य वैकल्पिक दवा वितरण केंद्रों को सक्रिय रखा जाएगा।

अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और अस्पतालों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे। स्वास्थ्य विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

नेशनल हाईवे पर पलटी यात्री बस, एक की मौत… 30 घायल, कई की हालत गंभीर

The Duniyadari: जगदलपुर में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालिंगा के पास नेशनल हाईवे-30 पर यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें 7 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक बस रायपुर से कोंटा की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक बस का पट्टा टूट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

तपकरा में बारिश से टूटे मकानों का मिलेगा मुआवजा: 21 परिवारों की मदद मंजूर, देरी पर पटवारी को नोटिस

The Duniyadari: जशपुर– ग्राम तपकरा में बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मकानों के लिए मुआवजा न मिलने की शिकायत पर जिला प्रशासन हरकत में आया है। जांच के बाद 21 प्रभावित परिवारों को राहत राशि देने की मंजूरी दे दी गई है।

तहसीलदार तपकरा के मुताबिक शिकायत मिलते ही मामले की विस्तृत जांच कराई गई। जांच में 20 परिवारों के मकान आंशिक रूप से और एक परिवार का मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाया गया। आर.बी.सी. 6-4 के नियमों के तहत सभी 21 परिवारों के लिए मुआवजा स्वीकृत कर दिया गया है। राशि जल्द ही हितग्राहियों के खातों में भेजी जाएगी।

*पटवारी पर गिरी गाज*

शिकायत के बाद हल्का पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। कोटवार और आवेदकों के बयान लेने के बाद न्यायालयीन प्रक्रिया से सभी प्रकरणों का निराकरण किया गया। तहसीलदार ने बताया कि मुआवजा वितरण में लापरवाही बरतने पर संबंधित पटवारी के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

प्रशासन ने साफ किया है कि सभी पात्र परिवारों को नियमानुसार राहत राशि देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया है।

नई तकनीक से लैस होगा छत्तीसगढ़ का डायल 112 सिस्टम, अमित शाह करेंगे ईआरएसएस 2.0 का शुभारंभ

The Duniyadari: Raipur–  छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को हाईटेक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah आज राजधानी रायपुर में नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS 2.0) की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 400 नए डायल 112 वाहनों और मोबाइल फोरेंसिक साइंस लैब को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।

नई व्यवस्था के जरिए प्रदेश में पुलिस, चिकित्सा और आपदा सहायता सेवाओं को पहले से अधिक तेज और तकनीक आधारित बनाया जाएगा। सिस्टम में केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, जीपीएस ट्रैकिंग, जीआईएस आधारित लाइव मॉनिटरिंग, कॉलर लोकेशन की स्वतः पहचान और स्मार्ट डिस्पैच मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाना आसान होगा।

सरकार का दावा है कि नई तकनीक के उपयोग से महिला सुरक्षा, सड़क हादसों में त्वरित राहत, अपराध नियंत्रण और अन्य संकट की स्थितियों में रिस्पॉन्स टाइम कम होगा। अब तक डायल 112 सेवा सीमित जिलों में संचालित हो रही थी, लेकिन ERSS 2.0 लागू होने के बाद यह सुविधा प्रदेश के सभी 33 जिलों में उपलब्ध हो जाएगी।

प्रदेश सरकार के अनुसार, वर्ष 2018 से संचालित डायल 112 सेवा ने लाखों लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में मदद पहुंचाई है। अब इसके नए स्वरूप से नागरिकों को और अधिक भरोसेमंद एवं तेज सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

18 मई 2026, सोमवार का राशिफल: काम का दबाव रहेगा, पर मेहनत रंग लाएगी

*मेष* 

काम का दबाव रहेगा, पर मेहनत रंग लाएगी। पार्टनर से गलतफहमी दूर होगी। खर्च पर लगाम रखें। सेहत में सिरदर्द से बचने के लिए पानी ज्यादा पिएं। शुभ रंग: लाल।

*वृषभ*

रुका हुआ पैसा वापस मिलने के योग हैं। नौकरी में बॉस का सहयोग मिलेगा। परिवार के साथ समय बिताकर अच्छा लगेगा। वाहन चलाते समय सावधानी रखें। शुभ अंक: 6।

*मिथुन*

नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर सकते हैं। दोस्तों से मुलाकात फायदेमंद रहेगी। प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी। पेट संबंधी दिक्कत से बचने के लिए बाहर का खाना टालें। शुभ रंग: हरा।

*कर्क*

घर-बदलाव या प्रॉपर्टी का प्लान बन सकता है। ऑफिस में आपकी बात को महत्व मिलेगा। बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता खत्म होगी। भावुक होकर कोई फैसला न लें। शुभ अंक: 2।

*सिंह*

आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा। बिजनेस में नई डील फाइनल हो सकती है। भाई-बहनों से सहयोग मिलेगा। BP के मरीज दवा समय पर लें। शुभ रंग: सुनहरा।

*कन्या*

बोलचाल में संयम रखें, वरना बात बिगड़ सकती है। निवेश के लिए दिन ठीक है पर कागज पूरे चेक करें। जीवनसाथी से सरप्राइज मिल सकता है। शुभ अंक: 5।

*तुला*

क्रिएटिव काम में सफलता मिलेगी। कोर्ट-कचहरी के मामले सुलझेंगे। सिंगल लोगों के लिए नया रिश्ता आ सकता है। कमर दर्द की समस्या हो सकती है, स्ट्रेचिंग करें। शुभ रंग: सफेद।

*वृश्चिक*

खर्च बढ़ेंगे, बजट बनाकर चलें। नौकरी में ट्रांसफर की चर्चा हो सकती है। परिवार में धार्मिक कार्यक्रम होगा। गुस्से पर काबू रखें। शुभ अंक: 9।

*धनु*

आय के नए सोर्स बनेंगे। पुराने दोस्त से मुलाकात होगी। स्टूडेंट्स के लिए पढ़ाई में फोकस बढ़ेगा। यात्रा के योग हैं, सामान संभालकर रखें। शुभ रंग: पीला।

*मकर*

काम की तारीफ होगी, प्रमोशन के चांस हैं। जमीन-जायदाद से जुड़े विवाद सुलझेंगे। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। थकान से बचने के लिए नींद पूरी करें। शुभ अंक: 8।

*कुंभ*

भाग्य का साथ मिलेगा। रुके काम पूरे होंगे। धार्मिक यात्रा का प्लान बन सकता है। लव लाइफ में पार्टनर को समय दें। एलर्जी से परेशानी हो सकती है। शुभ रंग: नीला।

*मीन*  

जोखिम वाले काम से बचें। ससुराल पक्ष से शुभ समाचार मिलेगा। सेहत में सुधार दिखेगा। मानसिक तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन करें। शुभ अंक: 3।

दिल दहलाने वाला हादसा: डूबती 8 साल की बेटी को बचाने कूदी गर्भवती मां, दोनों की मौत; बड़ी बेटी बची

Oplus_16908288

The Duniyadari: जशपुर-  पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बालाझर गांव स्थित घोघरा डैम में रविवार दोपहर मातृत्व की ममता की कीमत एक मां को जान देकर चुकानी पड़ी। डूब रही छोटी बेटी को बचाने के लिए डैम में कूदी 6 महीने की गर्भवती महिला की बच्ची समेत मौत हो गई। बड़ी बेटी किसी तरह तैरकर बाहर आ गई, जिससे उसकी जान बच गई।

*नहाते समय हुआ हादसा* 

गांव की सुकांति तिग्गा अपनी दो बेटियों के साथ दोपहर में घोघरा डैम नहाने गई थीं। इसी दौरान 8 साल की मीनाक्षी तिग्गा अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बेटी को तड़पता देख सुकांति ने बिना सोचे डैम में छलांग लगा दी। बड़ी बेटी ने भी मां-बहन को बचाने की कोशिश में पानी में छलांग लगाई। वह तैरना जानती थी, इसलिए किनारे तक पहुंच गई, लेकिन सुकांति और मीनाक्षी गहराई में फंस गईं।

*ग्रामीणों ने निकाला, पर नहीं बची जान*

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सुकांति 6 माह की गर्भवती थी। एक साथ तीन जिंदगियां खत्म होने से गांव में मातम पसर गया है।

*पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर सवाल*

सूचना पर पत्थलगांव पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि घोघरा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, मगर न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही कोई सुरक्षा इंतजाम। लोगों ने प्रशासन से डैम के चारों ओर फेंसिंग और गार्ड तैनात करने की मांग की है।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वालों ने कहा कि सुकांति ने बेटी के लिए अपनी जान दे दी। यह हादसा एक बार फिर जलाशयों के पास लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर कर रहा है।