Home Blog Page 51

मॉर्निंग वॉक में मोबाइल झपटने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दबोचा

The Duniyadari: रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल झपटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के कुछ घंटों बाद ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया युवक शंकर नगर क्षेत्र में एक बिल्डर के यहां चौकीदार के तौर पर काम करता है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जा सकता है।

घटना सोमवार सुबह की है, जब धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान एक युवक अचानक उनके पास पहुंचा और हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गया। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए। घटना के बाद राजधानी की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे।

मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश दौरे पर हैं, उसी दौरान राजधानी में इस तरह की घटना होना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डायल-112 को हरी झंडी दिखाई जा रही है और दूसरी तरफ झपटमार खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, थाना प्रभारी बदले… अवैध रेत खनन रोकने बनी स्पेशल टास्क फोर्स

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने विभागीय स्तर पर अहम बदलाव किए हैं। जारी तबादला आदेश में कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की नई पदस्थापना की गई है।

आदेश के अनुसार, निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे को थाना प्रभारी नवागढ़ के पद से हटाकर रक्षित केंद्र जांजगीर भेजा गया है। वहीं यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक मणीकांत पाण्डेय को नवागढ़ थाना की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक सियाराम यादव का तबादला थाना नवागढ़ से थाना बम्हनीडीह किया गया है।

इधर जिले में लगातार सामने आ रहे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस प्रशासन ने “इलीगल माइनिंग टास्क फोर्स” का गठन भी किया है। इस विशेष टीम की निगरानी की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप को दी गई है। टास्क फोर्स का मुख्यालय जांजगीर में रहेगा और इसमें अलग-अलग शाखाओं के अधिकारी व पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।

पुलिस विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

बवाल: अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर ग्रामीणों का हमला, डिप्टी डायरेक्टर से धक्का-मुक्की

The Duniyadari: गरियाबंद जिले के उदंती अभ्यारण क्षेत्र से सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति की खबर सामने आई। कोर जोन में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान उपनिदेशक वरुण जैन के साथ धक्का-मुक्की की घटना भी हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मामला सीतानदी रेंज के जैतपुरी गांव का बताया जा रहा है। वन विभाग की टीम लंबे समय से अभ्यारण क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चला रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार, जैतपुरी गांव के 166 परिवारों के मुखियाओं पर वन भूमि पर अतिक्रमण करने के आरोप में वन अपराध के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसी कार्रवाई के तहत सोमवार को विभागीय अमला मौके पर पहुंचा था।

कार्रवाई शुरू होते ही ग्रामीणों और वन अमले के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने अधिकारियों को घेरकर विरोध शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है और वन अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की जा रही है।

स्थिति बिगड़ने पर वन विभाग ने तत्काल पुलिस सहायता मांगी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि अभ्यारण क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रेलवे में 6565 तकनीशियन पदों पर भर्ती, युवाओं के लिए बड़ा मौका

The Duniyadari: भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने तकनीशियन के हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6,565 रिक्त पदों को भरा जाएगा, जिसके लिए जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।

आरआरबी द्वारा जारी संक्षिप्त सूचना के अनुसार, भर्ती में तकनीशियन ग्रेड-I सिग्नल के 323 पद और तकनीशियन ग्रेड-III के 6,242 पद शामिल किए गए हैं। उम्मीदवार 30 जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 29 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा।

आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष तय की गई है। वहीं तकनीशियन ग्रेड-I सिग्नल पद के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष और तकनीशियन ग्रेड-III पद के लिए 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी मिलेगी।

भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन दिया जाएगा। तकनीशियन ग्रेड-I सिग्नल पद पर चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-5 के अनुसार 29,200 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। वहीं तकनीशियन ग्रेड-III के लिए लेवल-2 के तहत 19,900 रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया गया है।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने बताया है कि विस्तृत नोटिफिकेशन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले जारी किया जाएगा, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी।

अटल आवास में गौमांस की सूचना पर बवाल, कोनी इलाके में बढ़ी पुलिस निगरानी

The Duniyadari: Bilaspur के कोनी थाना क्षेत्र स्थित अटल आवास में शनिवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक मकान में कथित रूप से गौमांस पकाने और सेवन किए जाने की खबर फैल गई। सूचना मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे। देखते ही देखते इलाके में भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति संवेदनशील बन गई।

मामले की जानकारी मिलने पर कोनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने संबंधित घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में कुछ लोग शराब के नशे में पाए गए, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मौके से संदिग्ध सामग्री भी जांच के लिए भेजी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला वास्तव में गौमांस से जुड़ा है या नहीं।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और प्रदर्शन कर रहे संगठनों से बातचीत कर माहौल शांत कराने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

सुशासन तिहार में बवाल: मंच पर चाकूबाजी, सरपंच घायल, आरोपी गिरफ्तार

The Duniyadari: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय हंगामे में बदल गया, जब मंचीय आयोजन के दौरान अचानक एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में ग्राम सरपंच मानिकलाल वर्मा घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है, जबकि घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधन चल रहा था। इसी बीच गांव का रहने वाला जितेन्द्र यादव (36) अचानक आक्रामक हो गया और सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घायल सरपंच को प्राथमिक उपचार दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

गौरतलब है कि प्रदेशभर में इन दिनों सुशासन तिहार 2026 के तहत समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण का दावा कर रहा है। लेकिन डोंगरगढ़ क्षेत्र में इस दौरान लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। इससे पहले पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों का घेराव कर घंटों तक विरोध प्रदर्शन किया था।

KORBA: हत्या के आरोपी ने भरा चुनावी पर्चा, जिस सीट के लिए हुआ था कत्ल उसी मैदान में उतरा मुस्ताक

Oplus_16908288

The Duniyadari: कोरबा जिले की राजनीति में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भाजपा नेता की हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी ने उसी सीट से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल कर दिया, जो हत्या के बाद खाली हुई थी। यह पूरा मामला पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र की बिझरा सीट से जुड़ा है, जहां उपचुनाव को लेकर पहले से ही राजनीतिक माहौल गर्म था।

सोमवार को बिलासपुर जेल से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुस्ताक अहमद को नामांकन प्रक्रिया के लिए लाया गया। पुलिस पहरे और हथकड़ियों में पहुंचे मुस्ताक ने जनपद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन जमा किया। जेल वैन के अचानक पहुंचने से नामांकन स्थल पर मौजूद लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई।

गौरतलब है कि पिछले साल 23 दिसंबर को ग्राम केशलपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुए इस हमले में कुल्हाड़ी और चाकू से वार कर उनकी जान ले ली गई थी। पुलिस जांच में राजनीतिक दुश्मनी को हत्या की बड़ी वजह माना गया और मुस्ताक अहमद को मुख्य आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया था। तब से वह जेल में बंद है।

अक्षय गर्ग की मौत के बाद बिझरा सीट रिक्त हो गई थी, जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने यहां उपचुनाव घोषित किया। अब उसी सीट पर हत्या के आरोपी के चुनाव मैदान में उतरने से राजनीति और कानून व्यवस्था दोनों को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

बुलडोजर कार्रवाई से बेघर हुआ परिवार, बुजुर्ग ने हाईटेंशन टावर पर चढ़कर दी जान देने की चेतावनी

Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur- धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सारागांव में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग ग्रामीण हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

बताया जा रहा है कि ग्रामीण कालिया साहू का मकान हाल ही में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण बताकर तोड़ दिया गया था। कार्रवाई के बाद परिवार बेघर हो गया और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। परिवार का कहना है कि वर्षों से वे उसी जगह पर रह रहे थे और खेती-मजदूरी कर गुजर-बसर करते थे।

मकान टूटने से आहत बुजुर्ग ने कई बार अधिकारियों से मदद और न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर उसने यह कदम उठाया। टावर पर चढ़े बुजुर्ग को देखने आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उससे बातचीत कर उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं और पीड़ित परिवार को राहत व पुनर्वास देने की मांग की है।

रायपुर से बस्तर तक अमित शाह का दौरा, डायल-112 को मिली नई ताकत, नक्सल प्रभावित इलाकों में जनसुविधाओं पर फोकस

The Duniyadari: रायपुर- केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान राजधानी रायपुर में प्रदेश की आपातकालीन सेवा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस डायल-112 के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में त्वरित पुलिस सहायता और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यभर में शुरू की जा रही मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। प्रदेश के सभी 33 जिलों में इन यूनिट्स की शुरुआत की जा रही है, जिनमें आधुनिक वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से किसी भी घटना स्थल पर शुरुआती जांच तुरंत की जा सकेगी, जिससे अपराधों की जांच में तेजी आएगी और साक्ष्य सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह बस्तर दौरे पर रवाना होंगे। बस्तर पहुंचने के बाद वे सबसे पहले आदिवासी नायक गुंडाधुर के गांव नेतानार जाएंगे। यहां स्थित सीआरपीएफ कैंप को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्घाटन शाह करेंगे। इस केंद्र के जरिए स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र का नामकरण भी केंद्रीय गृहमंत्री के हाथों किया जाएगा।

दौरे के दौरान अमित शाह नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों, शहीद जवानों के परिजनों और क्षेत्र के समाज प्रमुखों से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विकास और विश्वास निर्माण की दिशा में अहम संदेश देगा।

रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा या सिर्फ दिखावा? जब्त रेत फिर नदी में बहाई, अब गौमाता चौक की डंप रेत चर्चा में

The Duniyadari: कोरबा – जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हाल ही में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित रेत को जब्त किया था। हैरानी की बात यह रही कि कार्रवाई के बाद जब्त रेत को नदी में ही वापस डलवा दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

अब शहर के गौमाता चौक के पास भारी मात्रा में डंप की गई रेत चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से यहां रेत का अवैध भंडारण किया गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई का “मुहूर्त” शायद अभी तक नहीं निकला है, इसलिए खुलेआम डंप रेत पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा।

सूत्रों के मुताबिक, जिले में रेत के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ समय-समय पर अभियान तो चलाया जाता है, लेकिन कार्रवाई स्थायी नहीं हो पाती। यही वजह है कि रेत माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हैं। गौमाता चौक में डंप रेत को लेकर भी प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि शासन की कार्रवाई केवल दिखावा बनकर न रह जाए।