Home Blog Page 53

दिल दहलाने वाला हादसा: डूबती 8 साल की बेटी को बचाने कूदी गर्भवती मां, दोनों की मौत; बड़ी बेटी बची

Oplus_16908288

The Duniyadari: जशपुर-  पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बालाझर गांव स्थित घोघरा डैम में रविवार दोपहर मातृत्व की ममता की कीमत एक मां को जान देकर चुकानी पड़ी। डूब रही छोटी बेटी को बचाने के लिए डैम में कूदी 6 महीने की गर्भवती महिला की बच्ची समेत मौत हो गई। बड़ी बेटी किसी तरह तैरकर बाहर आ गई, जिससे उसकी जान बच गई।

*नहाते समय हुआ हादसा* 

गांव की सुकांति तिग्गा अपनी दो बेटियों के साथ दोपहर में घोघरा डैम नहाने गई थीं। इसी दौरान 8 साल की मीनाक्षी तिग्गा अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बेटी को तड़पता देख सुकांति ने बिना सोचे डैम में छलांग लगा दी। बड़ी बेटी ने भी मां-बहन को बचाने की कोशिश में पानी में छलांग लगाई। वह तैरना जानती थी, इसलिए किनारे तक पहुंच गई, लेकिन सुकांति और मीनाक्षी गहराई में फंस गईं।

*ग्रामीणों ने निकाला, पर नहीं बची जान*

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सुकांति 6 माह की गर्भवती थी। एक साथ तीन जिंदगियां खत्म होने से गांव में मातम पसर गया है।

*पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर सवाल*

सूचना पर पत्थलगांव पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि घोघरा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, मगर न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही कोई सुरक्षा इंतजाम। लोगों ने प्रशासन से डैम के चारों ओर फेंसिंग और गार्ड तैनात करने की मांग की है।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वालों ने कहा कि सुकांति ने बेटी के लिए अपनी जान दे दी। यह हादसा एक बार फिर जलाशयों के पास लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर कर रहा है।

शादी के 27 दिन बाद उजड़ गया सुहाग: तेज रफ्तार हाईवा ने युवक को 100 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत

Oplus_16908288

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एनएच-49 स्थित पीसौद चौक के पास तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद युवक को भारी वाहन करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान कनाई निवासी जयराम कश्यप (22 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवा काफी तेज रफ्तार में था। अचानक हुई टक्कर के बाद बाइक सवार युवक वाहन के नीचे फंस गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए स्थिति को सामान्य कराया।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि जयराम की शादी महज 27 दिन पहले हुई थी और घर में खुशी का माहौल था। परिवार के बाकी सदस्य एक छठी कार्यक्रम में ग्राम नवापारा गए हुए थे, जबकि जयराम घर पर अकेला था। पिता ने बताया कि उन्हें यह भी पता नहीं था कि बेटा बाइक लेकर बाहर गया है। अस्पताल पहुंचने पर बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने एनएच-49 पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर रोक लगाने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पंचायत रामाकछार में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

The Duniyadari: *1351 में से 255 आवेदनों का हुआ त्वरित निराकरण*

कोरबा- सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत रामाकछार में जनसमस्या निवारण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में पाली–तानाखार विधायक माननीय श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम शामिल हुए। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती फूल बाई कंवर, श्री दिलीप कंवर एवं श्री सत्यनारायण पैकरा तथा ग्राम पंचायत रामाकछार के सरपंच श्री भारत सिंह उपस्थित रहे। इसके साथ ही रामाकछार, सपलवा, पहाड़गाँव, बारीउमराव, पटपरा और कपोट पंचायतों के सरपंच भी मौजूद रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग की शाकाम्भरी योजना के अंतर्गत ग्राम राहा के श्री अगनेश लकड़ा/देवनाथ और श्री रामप्रसाद/फगुन सिंह तथा ग्राम उडान के श्री कलेशराम/मुगुल सिंह को 3 एचपी के पेट्रोल पंप वितरित किए गए। सहकारिता विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 09 हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब और 02 हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र की पर्ची दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 03 बच्चों का अन्न प्राशन कराया गया।

शिविर में कुल 1351 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 255 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। इस शिविर में रामाकछार, सपलवा, पहाड़गाँव, बारीउमराव, पटपरा, कपोट और कांजीपानी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।

मंचस्थ अतिथियों ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी शिविरों में उपस्थित होकर अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हैं, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। अतिथियों ने ग्रामीणों से अपील की कि अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार करें।

सुशासन तिहार अंतर्गत ग्राम पंचायत लेपरा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

The Duniyadari: कोरबा- सुशासन तिहार के तहत पोड़ी उपरोड़ा के ब्लॉक के ग्राम पंचायत लेपरा में जनसमस्या निवारण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा सेवाएँ प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रकाशचन्द्र जाखड़, जनपद सदस्य श्री आयुष सिंह तंवर एवं श्रीमती अंजू भोला गोस्वामी ,एसडीएम मनोज कुमार बंजारे उपस्थित रहे। इसके साथ ही पूर्व जनप्रतिनिधि श्री शिवभरोष लकड़ा (पूर्व जनपद सदस्य), श्री विजय दुबे (पूर्व जनपद सदस्य) तथा दुर्गेश डिक्सेना (जनपद सदस्य प्रतिनिधि) ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

शिविर में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों सुश्री चन्द्रकला पोर्ते (लेपरा), श्रीमती शांति धनुहार (एतमा नगर), श्री सुखसाय (पांथा), श्री धनेश्वर सिंह (लालपुर), श्री सुरेन्द्र सिंह (बांगो) और श्री गुरबहार टोप्पो (सरभोका) ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता की।

शिविर के दौरान ग्राम पंचायत लेपरा के छह हितग्राहियों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत दो हितग्राहियों, जीवन प्रताप सिंह और श्री शिवदास महंत को लाभ प्रदान किया गया। पंचायत विभाग ने लेपरा के सात हितग्राहियों को नए राशन कार्ड वितरित किए। कृषि विभाग द्वारा सिचाई के लिए तीन हितग्राहियों— छत्रर प्रताप सिंह (एतमा नगर), शिवचरण केरकेट्टा (मड़ई) और मसतराम छिंदमेर — को पेट्रोल पंप उपलब्ध कराया गया।

वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिनमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल छह मेधावी विद्यार्थी शामिल थे।

शिविर में कुल 812 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 65 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। यह शिविर लेपरा, गुरसिंया, मानिकपुर, एतमानगर, पांथा, लालपुर, पचरा, सलिहाभाठा, बांगो, रिगनियां एवं सरभोका सहित कुल 11 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर के लिए आयोजित किया गया था।

मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के शिविरों से शासन की योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ती है। आम जनता की समस्याओं का त्वरित, समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी विभागों को इसमें सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई और विभिन्न विभागों द्वारा दी गई सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर सफल एवं सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

KORBA: पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, कोरबा में धरना देकर केंद्र सरकार को घेरा

The Duniyadari: कोरबा- पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने रविवार को कोरबा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के प्रमुख चौक पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता की कमर टूट गई है और महंगाई चरम पर पहुंच गई है।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका असर खाद्य सामग्री सहित रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि आम आदमी, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और बैनर लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए तथा पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रधान आरक्षक का शव पेड़ से लटका मिला, दो दिन से था लापता

The Duniyadari: कवर्धा जिले में एक प्रधान आरक्षक का शव मिलने से पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई। जवान पिछले दो दिनों से अचानक लापता था, जिसकी तलाश परिवार और परिचित लगातार कर रहे थे। रविवार सुबह उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय बहादुर सिंह मेरावी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम रेंगाखार के निवासी थे और वर्तमान में पुलिस लाइन कवर्धा में रह रहे थे। जानकारी के अनुसार बहादुर सिंह मेरावी विशेष शाखा (SIB) में पदस्थ थे तथा इन दिनों उनका अटैचमेंट पुलिस मुख्यालय रायपुर में था।
परिजनों ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच रविवार सुबह लालपुर खार इलाके में एक पेड़ पर उनका शव लटका मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर शव को नीचे उतरवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से मृतक की बाइक भी बरामद कर ली गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जवान ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसके पीछे कोई व्यक्तिगत या अन्य कारण था या नहीं, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

कोरबा में लापरवाही का खतरनाक खेल, रस्सी गले में फंसने से बाइक सवार सड़क पर घिसटा

The Duniyadari: KORBA शहर में माल उतारने के दौरान बरती गई लापरवाही एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ते-पड़ते बची। सड़क किनारे खड़े मालवाहक वाहन से रस्सी खोलते समय अचानक रस्सी बाइक सवार के गले में फंस गई, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और कई मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रेमचंद अर्जुन दास दुकान के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक संजय नगर सीतामणी निवासी 52 वर्षीय राजू साहू सामान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पास में खड़े मालवाहक वाहन से सामान उतारा जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन से बंधी रस्सी को चालक और हमाल तेजी से घुमाकर खोल रहे थे। तभी रस्सी अचानक उछलकर बाइक सवार के गले में जा फंसी। इससे संतुलन बिगड़ने पर राजू साहू सड़क पर गिर पड़े और वाहन की दिशा में कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने विरोध जताया तो वाहन चालक मनोज चंद्रा उर्फ महेंद्र चंद्रा और हमाल समीर चौहान ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और फिर मारपीट भी की।

स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। घायल राजू साहू ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।

चरित्रहनन के आरोप में शिक्षिका पर कार्रवाई तय, जल्द हो सकता है निलंबन

The Duniyadari: बलरामपुर- वाड्रफनगर में शिक्षक के वीडियो व्हाट्सएप स्टेटस के तौर पर महिला का आपत्तिजनक लगाने का मामला सामने आया है. वायरल हो रहे स्टेटस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद उचित कार्रवाई की बात कही है.

मामला बसंतपुर हायर सेकंडरी स्कूल में पदस्थ व्याख्याता से जुड़ा है, जिन्होंने महिला का अश्लील इशारों वाला स्टेटस लगाया था. इस पर अभिभावकों और ग्रामीणों की नाराजगी सामने आने के बाद शिक्षक ने सफाई देते हुए कहा कि बच्चे ने गलती से स्टेटस लगा दिया है.

शिक्षक की इस करतूत पर छात्रों के अभिभावक और ग्रामीण कह रहे हैं कि जब शिक्षक ही ऐसा करेगा, तो बच्चों पर क्या असर होगा. मामले में जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.

एक दिन की गणना भूलना पड़ा महंगा, बीमा दावा ठुकराने पर एलआईसी को देना होगा 9 लाख से ज्यादा

The Duniyadari: Bilaspur – Life Insurance Corporation of India को पॉलिसी के ग्रेस पीरियड की गलत गणना करना भारी पड़ गया। जिला उपभोक्ता आयोग बिलासपुर ने बीमा दावा खारिज करने को सेवा में गंभीर कमी मानते हुए मृतक के परिजनों के पक्ष में फैसला सुनाया है। आयोग ने एलआईसी को ब्याज सहित 9 लाख रुपए से अधिक का भुगतान करने का निर्देश दिया है। साथ ही मानसिक प्रताड़ना और वाद व्यय की राशि भी अदा करने को कहा गया है।

मदनपुर निवासी सनत कुमार वैष्णव ने वर्ष 2023 में एलआईसी की जीवन लक्ष्य पॉलिसी ली थी। जनवरी 2025 में एनएच-130 पर हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनके भाई और नामिनी प्रदीप कुमार ने बीमा दावा पेश किया, लेकिन एलआईसी ने यह कहते हुए भुगतान से इनकार कर दिया कि प्रीमियम समय पर जमा नहीं होने से पॉलिसी लैप्स हो चुकी थी।

कंपनी का कहना था कि तिमाही प्रीमियम 28 दिसंबर 2024 को देय था और 30 दिन का ग्रेस पीरियड 26 जनवरी 2025 को समाप्त हो गया था। चूंकि दुर्घटना 27 जनवरी को हुई, इसलिए जोखिम कवर लागू नहीं माना गया।

मामले की सुनवाई के दौरान आयोग ने एलआईसी की इस गणना को गलत पाया। आयोग ने सामान्य धाराएं अधिनियम, 1897 की धारा 9 का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि समय की गणना में पहला दिन शामिल नहीं किया जाता। इस आधार पर आयोग ने माना कि 30 दिन का ग्रेस पीरियड 27 जनवरी 2025 की मध्यरात्रि तक प्रभावी था। इसलिए दुर्घटना के समय पॉलिसी पूरी तरह सक्रिय थी और बीमाधारक दावा पाने का अधिकारी था।

आयोग ने कहा कि कानूनी प्रावधानों की अनदेखी कर दावा खारिज करना सेवा में कमी है। आदेश में एलआईसी को 45 दिनों के भीतर मूल बीमित राशि, दुर्घटना मृत्यु लाभ और टीए राइडर सहित कुल 9 लाख रुपए देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 17 नवंबर 2025 से भुगतान की तारीख तक 9 प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज भी देना होगा। मानसिक प्रताड़ना के लिए 25 हजार और वाद व्यय के लिए 5 हजार रुपए अलग से देने का आदेश भी आयोग ने दिया है।

विश्व उच्चरक्तचाप दिवस पर आयुर्वेद-योग शिविर, सैकड़ों लोगों ने लिया निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श

The Duniyadari: KORBA

17 मई वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे (विश्व उच्चरक्तचाप दिवस) पर चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में दिनाँक 17 मई 2026 रविवार को पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय दुकान क्रमांक 10, 11 महानदी काम्प्लेक्स निहारिका रोड कोरबा छत्तीसगढ में आयोजित विशेष आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर में अंचलवासी हुये लाभान्वित।

छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ नाड़ीवैद्य डॉ.नागेंद्र नारायण शर्मा ने दी अपनी चिकित्सकीय सेवायें।

शिविर में उच्चरक्तचाप (ब्लड प्रेशर) व मधुमेह (शुगर) की निशुल्क जांच कर ब्लड प्रेसर तथा मधुमेह के नियंत्रण एवं उपचार हेतु परीक्षित औषधि निशुल्क प्रदान की गई।

उच्चरक्तचाप, हृदय एवं हीट स्ट्रोक के लिये उपयोगी “शीत सुधा शरबत” भी निशुल्क पिलाया गया।

नेत्रदान एवं देहदान के लिये किया गया जागरूक

पित्तवर्धक आहार हाइपरटेंशन का मुख्य कारण-डॉ.नागेंद्र शर्मा।

हाइपरटेंशन से बचाव हेतु जंकफूड एवं पित्तवर्धक आहार से करें परहेज़ -डॉ.नागेंद्र शर्मा।

17 मई वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे (विश्व उच्चरक्तचाप दिवस) पर चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में दिनाँक 17 मई 2026 रविवार को पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय दुकान क्रमांक 10, 11 महानदी काम्प्लेक्स निहारिका रोड कोरबा छत्तीसगढ में आयोजित विशेष आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर में अंचलवासी लाभान्वित हुये। शिविर में विशेष रूप से अपनी चिकित्सकीय सेवायें प्रदान करने वाले लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव, छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ नाड़ीवैद्य डॉ.नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया की जंकफूड व पित्तवर्धक आहार के ज्यादा प्रयोग से लोगों में उच्चरक्तचाप एवं मधुमेह की बीमारी बढ़ती जा रही है। उनमे भी बच्चे और युवा वर्ग में भी इस तरह के लाइफ स्टाइल जनित रोगों का बढ़ना चिंता का विषय है। इससे बचाव हेतु जंकफूड एवं पित्तवर्धक आहार से परहेज करना अति आवश्यक है, तभी बच्चे और हमारी युवापीढ़ी इन गंभीर रोगों से बच सकती है। डॉ.नागेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी लोग अपनी जीवनशैली में कुछ सकारात्मक परिवर्तन कर इन रोगों से आसानी से बच सकते हैं। जैसे व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शारिरिक परिश्रम को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। जैसे घर के छोटे मोटे कार्यों को स्वयं करना, सुबह व शाम को पैदल चलना, व्यायाम एवं योग करना, बाइक, कार आदि के स्थान पर सायकिल का प्रयोग करना, पिज्जा, बर्गर, चिप्स, कोल्डड्रिक्स जैसे जंकफूड आदि से दूर रहकर, बच्चों को मोबाईल-कम्प्यूटर में गेम के स्थान पर पारंपरिक शारीरिक खेलकूद के लिए प्रेरित कर, छोटी-छोटी आदतों में परिवर्तन कर इन रोगों से सुरक्षा एवं बचाव किया जा सकता है।शिविर में ब्लड प्रेशर तथा रक्त शर्करा के स्तर की निशुल्क जांच कर उससे संबंधित परीक्षित औषधि भी निशुल्क प्रदान की गई तथा उच्चरक्तचाप एवं समस्त प्रकार के पित्तज रोगों के लिये उपयोगी शीतसुधा शरबत भी निशुल्क पिलाया गया। साथ ही शिविर में भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय सेवा गतिविधि प्रमुख महेश गुप्ता ने शिविरार्थीयों को नेत्रदान-महादान, देहदान महादान के विषय में विस्तार से बताते हुये इसके लिये उन्हें प्रेरित किया। और उन्हें उसके फॉर्म के स्कैनर वाला पम्पलेट भी प्रदान किया जिससे इच्छुक व्यक्ती फॉर्म को भरकर इस महाभियान में सहभागी बन सके। शिविर में चिकित्सक नाड़ीवैद्य डॉ.नागेन्द्र नारायण शर्मा, श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा, भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय सेवा गतिविधि प्रमुख महेश गुप्ता (चश्मा घर), सदस्य सोमु (रवि प्रिंटर्स), नेत्रनन्दन साहू, अश्वनी बुनकर, कमल धारिया, कवि रंजन दास, अरुण मानिकपुरी,देवबली कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, पंचकर्म थेरेपीस्ट पिंकी बरेठ एवं सिमरन जायसवाल ने विशेष रूप से उपस्थित होकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।