Home Blog Page 70

मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की बेरहमी से पिटाई: रस्सी से बांधकर डंडे से पीटा, वीडियो वायरल

The Duniyadari: जशपुर–  जिले से एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग युवक को रस्सी से बांधकर हाथ-मुक्कों और डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक अक्सर आसपास के लोगों से विवाद और गाली-गलौज करता था। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले एक परिवार से उसका झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने उसे बांधकर जमकर पीटा। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया जो अब वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब चार दिन पुराना है। वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

वायरल वीडियो के बाद इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक का मेडिकल और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

कोरबा जिला पंचायत में हंगामा: 3 घंटे इंतजार के बाद भी नहीं आए CEO, अध्यक्ष समेत भाजपा समर्थित सदस्य धरने पर बैठे

The Duniyadari:  जिला पंचायत कार्यालय सोमवार को सियासी अखाड़ा बन गया। भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह और सदस्यों ने CEO दिनेश कुमार नाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विकास कार्यों की बैठक के लिए बुलाने के बावजूद CEO के 3 घंटे तक न पहुंचने से नाराज जनप्रतिनिधि कार्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।

*3 घंटे इंतजार, फिर सड़क पर उतरे जनप्रतिनिधि*  

अध्यक्ष पवन सिंह ने बताया कि निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं पर चर्चा के लिए CEO को उनके चेंबर में बुलाया गया था। लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी वे नहीं आए। इसे जनप्रतिनिधियों की अनदेखी बताते हुए सभी सदस्य चेंबर से निकलकर परिसर में धरने पर बैठ गए।

*कमीशनखोरी और DMF में पारदर्शिता पर उठाए सवाल*  

धरने के दौरान सदस्यों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। अध्यक्ष का कहना है कि जिला पंचायत में बिना लेन-देन के कोई काम नहीं हो रहा। DMF की राशि जनता के विकास के लिए है, लेकिन इसके चयन और स्वीकृति में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। सदस्यों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मनमानी के चलते निर्वाचित प्रतिनिधि सिर्फ नाम के रह गए हैं।

भाजपा समर्थित सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यह सिर्फ शुरुआत है। अगर जिला प्रशासन ने कार्यशैली नहीं बदली और जनप्रतिनिधियों को सम्मान नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र होगा। फिलहाल जिला पंचायत में तनाव का माहौल है।

थाने के सामने मारपीट: दो गुटों में चले लात-घूंसे, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

The Duniyadari: Bilaspur-  सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उर्स के दौरान शनिवार रात थाने के सामने दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। लात-घूंसे चलने के साथ युवकों ने दूसरे पक्ष के लड़कों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें युवक मारपीट करते दिख रहे हैं।

सिविल लाइन टीआई एसआर साहू ने बताया कि पुलिस लाइन स्थित मजार में उर्स चल रहा है। संदल चढ़ाने के लिए अलग-अलग जगहों से लोग डीजे और ढोल-ताशे के साथ पहुंच रहे थे। शनिवार रात संदल जुलूस के दौरान बाइक टकराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

टीआई ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल युवक समेत दोनों पक्षों के लोगों को थाने लाया गया। लेकिन दोनों पक्षों ने FIR दर्ज कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को छोड़ दिया।

पुलिस का कहना है कि शिकायत न मिलने के कारण कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि थाने के सामने हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

CM साय: ‘बच्चों की पाठशाला’ में 10वीं-12वीं के मेधावियों से हुए रोचक सवाल-जवाब, सीएम बोले- इनकी आंखों में दिखा नए छत्तीसगढ़ का संकल्प

Oplus_16908288

The Duniyadari: रायपुर– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में 10वीं और 12वीं बोर्ड की प्रावीण्य सूची में जगह बनाने वाले मेधावी विद्यार्थियों से मुलाकात की। ‘बच्चों की पाठशाला’ नाम के इस विशेष संवाद में सीएम ने टॉपर्स से रोचक सवाल-जवाब किए।

सीएम साय ने कहा कि प्रदेश के होनहार बच्चों से मिलकर ऐसा लगा मानो छत्तीसगढ़ का सुनहरा भविष्य सामने खड़ा हो। उन्होंने बताया कि बच्चों की चमकती आंखों में उज्ज्वल भविष्य और नए छत्तीसगढ़ के निर्माण का मजबूत संकल्प साफ दिखा।

इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री निवास का भ्रमण किया और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। सीएम ने कहा कि बच्चों की ऊर्जा और सीखने की ललक बताती है कि नई पीढ़ी जागरूक होने के साथ जिम्मेदार भी है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि ये होनहार बच्चे यूं ही आगे बढ़ते रहें, नई ऊंचाइयों को छुएं और अपने परिश्रम से छत्तीसगढ़ और देश का नाम दुनिया भर में रोशन करें।

कोरबा में सीमांकन विवाद: ग्रामीणों ने RI-पटवारी को कार में रोका, 4 पर केस दर्ज

The Duniyadari: Korba के करतला थाना क्षेत्र स्थित नोनबिर्रा गांव में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गलत सीमांकन और पैसे लेकर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी को करीब दो घंटे तक कार में बैठाकर रोक दिया। घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, नायब तहसीलदार करतला के आदेश पर राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह और हल्का पटवारी भरत चौहान 8 मई को ग्राम नोनबिर्रा के बनियापारा पहुंचे थे। यहां संतराम नामक आवेदक की भूमि खसरा नंबर 643/1 का सीमांकन किया जा रहा था। राजस्व टीम ने मौके पर मौजूद संबंधित भूमि का नाप-जोख कर सीमांकन प्रक्रिया पूरी की और जानकारी पक्षकारों को दी।

इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने सीमांकन को गलत बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक ही परिवार के चार लोगों ने RI और पटवारी को उनकी कार में बैठाकर बाहर निकलने नहीं दिया। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। बताया जा रहा है कि विवाद के बीच एक ग्रामीण रस्सी लेकर पहुंच गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

करीब दो घंटे बाद मामला शांत हुआ और राजस्व अधिकारी वहां से निकल सके। घटना के बाद हल्का पटवारी भरत चौहान ने करतला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार ग्रामीणों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीएम विष्णुदेव साय आज रात असम रवाना: कल गुवाहाटी में शपथ ग्रहण समारोह में होंगे शामिल

The Duniyadari: रायपुर/गुवाहाटी– छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रात असम रवाना होंगे। वे मंगलवार 12 मई को गुवाहाटी में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।

असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि 12 मई को होने वाले शपथ ग्रहण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने इसे ऐतिहासिक पल बताया। सैकिया के मुताबिक मुख्यमंत्री के साथ 102 विधायक भी शपथ लेंगे। पीएम मोदी की मौजूदगी में यह समारोह होगा।

सैकिया ने कहा कि सरकार बनाने का दावा राज्यपाल को सौंप दिया गया है। दोपहर तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री समेत 102 विधायक पीएम मोदी की उपस्थिति में शपथ लेंगे। सीएम साय समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

नया कानून: 1 जुलाई 2026 से लागू होगा ‘विकसित भारत-जी राम जी’ मिशन, ग्रामीण मजदूरों को साल में 125 दिन का रोजगार; बजट 1.51 लाख करोड़, भुगतान 3 दिन में

The Duniyadari: रायपुर/दिल्ली-  केंद्र सरकार ने मनरेगा की जगह नए कानून ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ यानी वीबी–जी राम जी विधेयक के क्रियान्वयन की अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी।

यह कानून 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू होगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में कहा कि अब ग्रामीण मजदूरों को साल में 100 की जगह 125 दिन का रोजगार मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अधिसूचना जारी होते ही नियम बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्यों से सलाह-मशविरा किया जा रहा है। 1 जुलाई तक ट्रांजिशन पीरियड में मनरेगा के सभी प्रावधान लागू रहेंगे। अधूरे काम मनरेगा के तहत ही पूरे किए जाएंगे। राज्यों को तैयारी के लिए अधिकतम 6 महीने का समय मिलेगा। 1 जुलाई के बाद तैयारी न होने पर भी फंडिंग नए कानून के तहत ही होगी।

शिवराज सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र ने योजना के लिए बजट में 95,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रावधान किया है। राज्यों के बजट मिलाकर कुल राशि 1,51,000 करोड़ रुपये से अधिक होगी।

मजदूरों को भुगतान डीबीटी से सीधे बैंक या डाकघर खाते में होगा। कोशिश 3 दिन में भुगतान की है, लेकिन अधिकतम 15 दिन में पैसा पहुंच जाएगा। देरी पर मजदूरों को अतिरिक्त राशि मिलेगी। काम मांगने पर रोजगार न मिलने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता भी देना होगा।

योजना से गांवों में बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर के काम होंगे। जल संरक्षण, सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, आंगनवाड़ी भवन, खेतों से जुड़े काम कराए जाएंगे। स्वयं सहायता समूह की दीदियों और FPO के लिए वर्किंग शेड जैसी अधोसंरचना भी बनेगी। बाढ़ वाले इलाकों में रिटेनिंग वॉल जैसे काम भी इस योजना में शामिल हैं। कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले, इसके लिए प्रशासनिक खर्च 6% से बढ़ाकर 9% कर दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीब, श्रमिक परिवारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और किसानों के लिए नई आशा लेकर आएगी। विकसित गांव से ही विकसित भारत का सपना पूरा होगा।

बिलासपुर-दिल्ली शाम की फ्लाइट दूसरी उड़ान में ही रद्द: विमान ग्राउंडेड होने से 50 से ज्यादा यात्री परेशान, एयरपोर्ट पर हंगामा

The Duniyadari: Bilaspur- बहुप्रतीक्षित बिलासपुर-दिल्ली शाम की फ्लाइट शुरू होने के एक हफ्ते बाद ही रद्द हो गई। रविवार शाम को जाने वाली फ्लाइट कैंसिल होने से 50 से ज्यादा यात्रियों को एयरपोर्ट से लौटना पड़ा। यात्रियों ने एयरपोर्ट पर नाराजगी जताई। एलाइंस एयर ने सभी यात्रियों को टिकट राशि वापस कर दी है, लेकिन लोगों में गुस्सा बना हुआ है।

दरअसल करोड़ों रुपये खर्च कर बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू की गई थी। शहरवासियों के दबाव के बाद 3 मई रविवार को पहली बार सूर्यास्त के बाद दिल्ली के लिए फ्लाइट रवाना हुई थी। एलाइंस एयर के समर शेड्यूल के मुताबिक फिलहाल हफ्ते में एक दिन रविवार को ही शाम की फ्लाइट मिल रही है।

एलाइंस एयर के मुताबिक कंपनी का एक विमान ग्राउंडेड हो गया। इस वजह से विमान दिल्ली से प्रयागराज होते हुए बिलासपुर नहीं पहुंच सका। नतीजतन बिलासपुर से दिल्ली जाने वाली सीधी फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। 10 मई को टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को यात्रा रद्द करनी पड़ी। साथ ही दिल्ली और प्रयागराज से बिलासपुर आने वाले यात्रियों को भी दूसरा साधन देखना पड़ा।

यात्रियों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई शाम की फ्लाइट का दूसरी बार में ही रद्द होना निराशाजनक है। नाइट लैंडिंग सुविधा के बावजूद नियमित सेवा न मिल पाने से लोग नाराज हैं। एयरलाइन ने टिकट रिफंड कर दिया है, लेकिन यात्रियों ने सेवा में स्थिरता की मांग की है।

बोर्ड रिजल्ट पर बालोद में एक्शन से बवाल: 8 प्राचार्य निलंबित, 14 की वेतनवृद्धि रोकी

The Duniyadari: Bilaspurl- 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजों के बाद बालोद जिला प्रशासन की कार्रवाई से शिक्षकों में भारी आक्रोश है। प्रशासन ने खराब परिणाम का हवाला देते हुए 8 प्राचार्यों को निलंबित कर दिया और 14 प्राचार्यों की वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने का आदेश जारी किया है। शालेय शिक्षक संघ ने इसे जिला प्रशासन की मनमानी बताया है।

संघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे का कहना है कि छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में प्रथम आने की होड़ मची है। शिक्षकों को कक्षा और विद्यार्थी की क्षमतानुसार पढ़ाने की स्वतंत्रता नहीं दी जा रही। वहीं नतीजे खराब आने पर पूरा ठीकरा शिक्षकों के सिर फोड़कर एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। इससे प्रदेशभर के शिक्षकों में नाराजगी है।

दुबे ने कहा कि सालभर युक्तियुक्तकरण के चलते शिक्षकों में अफरा-तफरी रही। गैर-शैक्षणिक काम, केंद्रीयकृत त्रैमासिक, अर्धवार्षिक, प्री-बोर्ड परीक्षा और प्रश्नबैंक के अनुरूप तैयारी कराने का दबाव डाला गया। लेकिन अपेक्षा के मुताबिक परिणाम न आने पर शिक्षकों को ही बलि का बकरा बनाया जा रहा है।

बालोद में हुई कार्रवाई के बाद आशंका है कि दूसरे जिलों से भी ऐसी ही खबरें आ सकती हैं। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर एकतरफा कार्रवाई बंद नहीं हुई तो प्रदेशभर में विरोध तेज होगा। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर शिक्षा विभाग में हलचल मची हुई है।

शादी समारोह में फायरिंग का वीडियो वायरल: भाजपा नेता बंदूक चलाते दिखे

The Duniyadari: Raipur-  राजधानी में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बारात के बीच भाजपा नेता ऋतुपर्ण सिंह, मोनिका सिंह और उनके परिजन लंबी बंदूक से हवा में फायर करते दिख रहे हैं। समारोह में कई लोग बारी-बारी से एक ही बंदूक का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।

वायरल फुटेज के एक हिस्से में एक बच्चे के हाथ में भी बंदूक दिखाई दे रही है। बच्चे ने फायरिंग की या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। लेकिन भीड़ के बीच हथियार का इस तरह इस्तेमाल सुरक्षा नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

बताया जा रहा है कि वीडियो पुलिस तक भी पहुंच गया है। फुटेज में बड़ी संख्या में बाराती और मेहमान मौजूद हैं और खुलेआम भीड़ के बीच फायरिंग की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस्तेमाल की गई बंदूक लाइसेंसी थी या नहीं।

मामला राजनीतिक परिवार से जुड़ा होने के कारण चर्चा में है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर जांच कर सकती है। लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस इस मामले में क्या कानूनी कार्रवाई करती है। हर्ष फायरिंग आर्म्स एक्ट का उल्लंघन है और इसमें गिरफ्तारी तक का प्रावधान है।