Home Blog Page 109

घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर कटघोरा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; चार ठिकानों से सिलेंडर जब्त

The Duniyadari: कोरबा 17 मार्च 2026/ कटघोरा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत घरेलू एलपीजी. सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उनके व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया।

तहसीलदार कटघोरा श्री सूर्यप्रकाश केशकर, खाद्य निरीक्षक श्री सुरेन्द्र कुमार लॉझी और हल्का पटवारी के संयुक्त जांच दल द्वारा क्षेत्र के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें चार प्रमुख स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का नियम विरुद्ध उपयोग पाया गया।

निरीक्षण के दौरान जांच दल ने अंबिकापुर रोड स्थित मो. जिशान सिद्दीकी के पास से 02 नग घरेलू सिलेंडर बरामद किए। इसी प्रकार बिलासपुर रोड स्थित पनेसर बॉडी एण्ड इंजीनियरिंग वर्क्स (संचालक गुरूदेव सिंह पनेसर) और पनेसन बॉडी बिल्डर्स एवं ऑटोलेट वर्क्स (संचालक हरबंस सिंह पनेसर) से क्रमशः 01-01 नग घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त, बस स्टैंड स्थित विष्णु होटल के संचालक अनिल साहू के पास से भी 01 नग घरेलू एल.पी.जी. सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया।

उल्लेखनीय है कि यह पूरी कार्रवाई द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश 2000 एवं गैस सिलेंडर नियम 2016 के उल्लंघन के तहत की गई है। प्रशासनिक दल द्वारा मौके पर ही विधिवत पंचनामा तैयार कर कुल 05 नग सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटतम गैस एजेंसी, मेसर्स सेवा इण्डेन, कटघोरा की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

तहसीलदार कार्यालय द्वारा इस संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं जिला कलेक्टर (खाद्य शाखा) को आगामी वैधानिक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की जांच निरंतर जारी रहेगी ताकि घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोका जा सके।

 

KORBA BREAKING: बैंक के बाहर डिक्की तोड़कर नकदी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

The Duniyadari: कटघोरा। शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। बैंक से पैसे निकालकर बाहर आए एक अधिवक्ता की बाइक की डिक्की तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में नकदी पार कर दी। घटना बैंक के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार अधिवक्ता सुरेश कुमार शर्मा सोमवार को बैंक से नकदी निकालकर बाहर निकले थे। उन्होंने रकम अपनी बाइक की डिक्की में रख दी। इसी दौरान आसपास घूम रहे बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। जैसे ही अधिवक्ता का ध्यान कुछ पल के लिए हटा, आरोपियों ने तेजी से बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखी नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी बाइक से पहुंचे थे और दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। बाइक के पीछे बैठे युवक ने फुर्ती दिखाते हुए कुछ ही सेकंड में डिक्की खोलकर कैश निकाल लिया और दोनों तुरंत वहां से निकल गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की है। पुलिस का कहना है कि बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद विशेष सावधानी बरतें, नकदी को वाहन में न रखें और आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखें।

संपूर्णता अभियान के इंडिकेटर को दो सप्ताह में हासिल करेंः निगमायुक्त

The Duniyadari: *समय सीमा की बैठक*

कोरबा 17 मार्च 2026/

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में निगमायुक्त  आशुतोष पाण्डेय ने समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने संपूर्णता अभियान अंतर्गत सम्बंधित विभागों को दिये गए इंडिकेटर में दो सप्ताह के भीतर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा के बैठक में निगमायुक्त श्री पांडेय ने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशुधन विभाग, कृषि,शिक्षा विभाग को संपूर्णता अभियान के अंतर्गत संकेतकों को दो सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए उठाव में प्रगति लाने के निर्देश खाद्य अधिकारी को दिए। निगमायुक्त ने किसान पीएम सम्मान निधि, ऐग्रिस्टेक पोर्टल में किसानों की एंट्री, केसीसी की समीक्षा करते हुए कृषि अधिकारी को जनपद सीईओ,ग्राम पंचायत से समन्वय कर प्रगति के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत सीएमएचओ को आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड, व्यवन्दन कार्ड, एचआरपी का समीक्षा करते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने बैठक में अपार आईडी, रेडी टू ईट, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर योजना, धरती आबा,पीएम जनमन योजना और स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निगम आयुक्त श्री पांडेय ने प्रगति लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार आयोग, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों को निराकरण के निर्देश दिये। बैठक में तहसीलदारो और नगरीय निकायों के सीएमओ के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर निराकरण के निर्देश दिये गए।

 

एलपीजी गैस रिसाव से मासूम की मौत, बड़ी बहन बेहोश

The Duniyadari: दिल्ली के पूर्वी इलाके में एलपीजी गैस रिसाव की दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गैस लीक होने से ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी सात साल की बड़ी बहन बेहोश हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

यह घटना पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर एक किराए के फ्लैट में गैस रिसाव के कारण दोनों बच्चियां अचानक बेहोश हो गईं। परिजनों को जब घर में गैस की तेज गंध महसूस हुई तो उन्होंने तुरंत बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।

दोनों बच्चियों को नोएडा के सेक्टर-11 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ढाई साल की बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं सात साल की बड़ी बहन की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

मृत बच्ची के पिता, जो पेशे से दर्जी हैं, घटना के समय अपनी दुकान पर थे। उन्होंने बताया कि घर में गैस की तेज बदबू फैल गई थी, जिसके बाद दोनों बेटियां बेहोश हो गईं। छोटी बेटी को अस्पताल ले जाते समय ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर के रेगुलेटर के पास से रिसाव होने की बात सामने आई है। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी पुष्टि की है कि बच्ची की मौत गैस रिसाव के कारण हुई। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया है।

घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

राजस्व बढ़ाने की तैयारी: छुट्टियों में भी खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय

The Duniyadari: रायपुर। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिनों में राजस्व संग्रह को बढ़ाने के लिए पंजीयन विभाग ने अहम फैसला लिया है। विभाग ने तय किया है कि मार्च के अंत में पड़ने वाले कुछ शासकीय अवकाश के दिनों में भी राज्य के पंजीयन कार्यालय खुले रखे जाएंगे, ताकि संपत्ति पंजीयन से जुड़े कार्य प्रभावित न हों।

कार्यालय महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक, रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष के आखिरी दिनों में पंजीयन कार्यों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में अधिक से अधिक दस्तावेजों का पंजीयन सुनिश्चित करने और राजस्व संग्रह को बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।

निर्देश के तहत इन अवकाश दिनों में भी पंजीयन कार्यालयों में सामान्य रूप से दस्तावेजों के पंजीयन का कार्य किया जाएगा। साथ ही 31 मार्च तक बैंकिंग लेनदेन निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि स्टाम्प शुल्क और पंजीयन से संबंधित राजस्व प्रक्रिया प्रभावित न हो।

इस संबंध में राज्य के सभी जिला कलेक्टरों, जिला पंजीयकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि निर्धारित दिनों में कार्यालयों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

जिन अवकाश दिनों में कार्यालय खुले रहेंगे, उनमें 22 मार्च (चौथा रविवार), 28 मार्च (अंतिम शनिवार), 29 मार्च (अंतिम रविवार) और 31 मार्च (महावीर जयंती) शामिल हैं। इन दिनों भी आम नागरिक अपने दस्तावेजों का पंजीयन करा सकेंगे।

कुत्ते के काटने को हल्के में लेना पड़ा भारी: जड़ी-बूटी से इलाज कराते रहे, पांच महीने बाद युवक की दर्दनाक मौत

The Duniyadari: बलरामपुर जिले से लापरवाही का एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। कुत्ते के काटने के बाद समय पर एंटी-रेबीज टीका न लगवाने की वजह से एक युवक की मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय महीनों तक जड़ी-बूटी से इलाज कराते रहे। घाव तो भर गया, लेकिन शरीर में फैल चुका वायरस धीरे-धीरे सक्रिय हो गया और आखिरकार युवक की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला जिले के महाराजगंज गांव का है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय रामजीत राम को करीब पांच महीने पहले, नवंबर महीने में गांव में घूमते समय एक कुत्ते ने काट लिया था। घटना के बाद परिवार वालों ने उसे अस्पताल ले जाकर एंटी-रेबीज का टीका लगवाने की बजाय स्थानीय स्तर पर जड़ी-बूटियों से इलाज शुरू कर दिया। कुछ दिनों में घाव ठीक हो गया तो परिजनों को लगा कि खतरा टल गया है।

लेकिन रविवार को अचानक रामजीत की तबीयत बिगड़ गई। उसे तेज बुखार आने लगा और शरीर में अकड़न के साथ उसका व्यवहार भी असामान्य हो गया। बताया जा रहा है कि वह कुत्तों जैसी हरकतें करने लगा, जिससे परिवार के लोग घबरा गए। इसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रविवार रात उसकी मौत हो गई।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कुत्ते के काटने के बाद तुरंत एंटी-रेबीज टीका लगवाना बेहद जरूरी होता है। यदि समय पर इलाज न मिले तो रेबीज वायरस धीरे-धीरे शरीर में फैलकर जानलेवा साबित हो सकता है। यह घटना लोगों को जागरूक रहने और ऐसे मामलों में लापरवाही न बरतने की बड़ी सीख दे रही है।

लिव-इन पार्टनर संग रची चोरी की साजिश, फरार आरोपी गिरफ्तार

The Duniyadari: रायगढ़ में “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने चोरी के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। आरोपी निलेश साहू ने अपनी लिव-इन पार्टनर और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी।

मामले की शिकायत गुलमोहर कॉलोनी निवासी 58 वर्षीय प्रमिला शर्मा ने थाना चक्रधरनगर में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अनकूट पूजा के दौरान घर के गहने और नगदी आलमारी में रखे गए थे, लेकिन 2 नवंबर 2025 को जांच करने पर आलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को घर में काम करने वाली महिला नेहा साहू पर संदेह हुआ। घटना के बाद उसका मोबाइल बंद मिला और वह फरार हो गई थी। पुलिस ने तलाश के बाद 18 जनवरी 2026 को दिनदयालपुरम स्थित एक किराए के मकान से उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में नेहा साहू ने बताया कि उसने प्रमिला शर्मा को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और फिर आलमारी से गहने व नगदी निकालकर अपने साथी निलेश साहू को दे दिए।

इसके बाद चोरी का सामान आशीष महंत के साथ मिलकर ठिकाने लगाया गया और उससे मिली रकम से घरेलू सामान, आलमारी और एलईडी टीवी खरीदे गए। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से यह सामान जब्त कर लिया था।

मुख्य आरोपी निलेश साहू वारदात के बाद से लगातार फरार था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के कुछ जेवर बेच दिए गए थे, जबकि दो सोने के सिक्के उसने अपने घर में छिपाकर रखे थे।

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने दो-दो 10 ग्राम के सोने के सिक्के बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी निलेश साहू (26), निवासी रेलवे बंगलापारा, थाना कोतवाली रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कोरबा में सड़क किनारे खड़ी कार में लगी भीषण आग, देर रात मचा हड़कंप

The Duniyadari: कोरबा शहर के व्यस्त इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कंडम कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। घटना सीएसईबी चौकी के पास पुराने फायर स्टेशन के समीप करीब रात 1 बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से अचानक धुआं उठता दिखा और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। देर रात भी इलाके में लोगों की आवाजाही जारी थी, इसलिए देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। हालांकि दमकल वाहन के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी और कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी।

प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी हो सकती है, लेकिन असल कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में भी दहशत का माहौल बन गया था, क्योंकि उन्हें डर था कि आग कहीं आसपास की दुकानों या मकानों तक न फैल जाए।

फिलहाल पुलिस वाहन के मालिक का पता लगाने के साथ ही आग लगने की वजह की जांच में जुटी हुई है।

अदानी पावर प्लांट में मजदूरों की हड़ताल तेज, वेतन बढ़ाने सहित कई मांगों को लेकर काम ठप

The Duniyadari: कोरबा जिले के पत्ताडी स्थित Adani Power प्लांट में काम करने वाले हजारों मजदूरों ने वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर हड़ताल छेड़ दी है। पिछले तीन दिनों से जारी विरोध मंगलवार को और तेज हो गया, जिसके कारण प्लांट का कामकाज आंशिक रूप से प्रभावित होने लगा है।

जानकारी के मुताबिक बड़ी संख्या में श्रमिकों ने एकजुट होकर काम करने से इनकार कर दिया। मजदूर प्लांट के बाहर इकट्ठा होकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कुछ कर्मचारियों को प्लांट के अंदर जाने दिया गया, जबकि कई श्रमिक बाहर ही रहकर विरोध जताते नजर आए।

हड़ताल में शामिल श्रमिकों का कहना है कि लंबे समय से वेतन बढ़ाने और बेहतर सुविधाएं देने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी नाराजगी के चलते मजदूरों ने सामूहिक रूप से काम बंद करने का फैसला किया।

फिलहाल प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में हड़ताल की वास्तविक मांगों और इससे प्लांट को होने वाले संभावित नुकसान की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो।

रात्रि गश्त ने बचाई बैंक लूट की वारदात, पुलिस पहुंचते ही बदमाश कार में भागे

The Duniyadari: रायगढ़ जिले के जूटमिल क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से देर रात एक बड़ी बैंक लूट की साजिश नाकाम हो गई। समय पर पहुंची पुलिस को देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए, जिससे संभावित बड़ी वारदात टल गई।

जानकारी के अनुसार जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस की टीम रोज की तरह रात्रि गश्त कर रही थी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इलाके के बैंक और एटीएम की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पेट्रोलिंग पर निकले आरक्षक परमानंद पटेल और समीर बेक अपने निजी वाहन से कोड़ातराई की ओर जा रहे थे। तभी पटेलपाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ा दिखाई दिया और बैंक परिसर की लाइट बंद होने से उन्हें शक हुआ।

संदेह होने पर दोनों पुलिसकर्मी तुरंत बैंक की ओर बढ़े। इसी बीच पुलिस को आता देख बाहर खड़ी कार के चालक ने वाहन स्टार्ट कर दिया। उसी समय बैंक की तरफ से एक व्यक्ति भागते हुए आया और गाड़ी में बैठते ही वाहन तेजी से शहर की दिशा में भाग निकला।

मामले की गंभीरता को समझते हुए आरक्षकों ने तुरंत जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह और पेट्रोलिंग में लगे प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना स्टाफ मौके पर पहुंचा और इलाके में घेराबंदी शुरू की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रात्रि गश्त अधिकारी डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उपनिरीक्षक संजय नाग, आरक्षक जगमोहन ओग्रे सहित अन्य थानों की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि अज्ञात बदमाशों ने बैंक का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। उन्होंने बैंक के दो डीवीआर निकाल लिए थे, बाहरी सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया और चेस्ट व लॉकर से लगी दीवार को भी तोड़ने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण बदमाश अपने इरादों में सफल नहीं हो सके और मौके से भाग निकले।

पूरे मामले में जूटमिल पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई से बड़ी लूट की घटना टल गई। इस कार्रवाई की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी सहित पूरी टीम को प्रोत्साहन के रूप में नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।