The Duniyadari: बिलासपुर में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक स्कूटी हादसे में युवा प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक तालापारा निवासी 29 वर्षीय मोहम्मद जैद खान रविवार रात अपने दोस्तों के साथ हैवंस पार्क स्थित बार में पार्टी करने गया था। देर रात बार बंद होने के बाद भी वे शहर में घूमते रहे। बताया जा रहा है कि जैद ने शराब पी रखी थी, इसलिए उसके दोस्त रितेश तोलानी ने उसे बाइक चलाने से रोकते हुए अपनी स्कूटी दे दी थी।
रात करीब दो बजे के आसपास जैद स्कूटी लेकर बस स्टैंड की ओर निकल गया। इसी दौरान हैवंस पार्क के सामने उसकी स्कूटी तेज रफ्तार के कारण बेकाबू हो गई। पहले स्कूटी डिवाइडर से टकराई और फिर सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोस्त रितेश तोलानी ने बताया कि जैद बहुत तेज गति से स्कूटी चला रहा था और अचानक संतुलन खो बैठा। पुलिस के अनुसार जैद एफएम ग्रुप के लिए प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। उसकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी बच्चे के साथ मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि इस कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में भी था।
फिलहाल तारबाहर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
The Duniyadari: रायगढ़ जिले में एक दुखद हादसे में पुलिस विभाग के आरक्षक की जान चली गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक और हलचल का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक आरक्षक का नाम सुजीत मिंज है, जो रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे किसी काम से रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। तेज रफ्तार ट्रेन से टकराने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। आरक्षक सुजीत मिंज के सहकर्मियों और परिचितों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
The Duniyadari: बिलासपुर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार देर रात सरकंडा थाना क्षेत्र के एक सूने मकान में घुसे शातिर चोरों ने सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी नकाब और ग्लव्स पहनकर बेहद सुनियोजित तरीके से घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं।
मामला मोपका क्षेत्र के चिल्हाटी मोड़ स्थित विवेकानंद रेसिडेंसी का है। यहां रहने वाले घनश्याम कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई नितेश रंजन, जो पेशे से इंजीनियर हैं, पिछले करीब आठ दिनों से अपने घर में ताला लगाकर बिहार के औरंगाबाद गए हुए हैं। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया।
रविवार को कॉलोनी के लोगों ने घनश्याम कुमार को फोन कर बताया कि नितेश रंजन के घर का दरवाजा टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर का सेंट्रल लॉक काटकर दरवाजा खोला गया था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से सोने-चांदी के गहने गायब मिले। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब चार लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल सरकंडा पुलिस मामला दर्ज कर फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोर गिरोह की तलाश में जुटी हुई है।
The Duniyadari: भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ों की भिड़ंत का रूप ले लिया और दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट और पथराव होने लगा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी पत्थरों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सोनकर मोहल्ले में रहने वाले दो परिवारों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के बड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए और बहस बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पथराव के दौरान छावनी सीएसपी समेत करीब पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद इलाके में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
तनाव को देखते हुए मोहल्ले के अलग-अलग हिस्सों में लगातार गश्त की जा रही है। देर रात तक दुर्ग, भिलाई और छावनी के सीएसपी के साथ एडिशनल एसपी सिटी और ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। जिले के कई थाना प्रभारियों को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में बच्चों के झगड़े से विवाद की शुरुआत सामने आई है, लेकिन पुलिस को प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश का भी शक है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों को मंगलवार को थाने बुलाया गया है, जहां पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
The Duniyadari: कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरानगर, जमनीपाली में सोमवार रात एक 35 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राकेश साहू (पिता– रूप नारायण साहू, उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश साहू एक दिन पहले ही अपने गांव से वापस घर लौटा था और उसी रात उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
परिजनों को घटना की जानकारी होने पर उन्होंने तुरंत दर्री थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
रामलला की नगरी राम जन्मभूमि मंदिर में हर दिन प्रभु का भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया जाता है। मंदिर में विराजमान रामलला भक्तों को प्रतिदिन अलग-अलग रूप में दर्शन देते हैं, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मंदिर में सुबह की शुरुआत प्रभु को जगाने की परंपरा से होती है। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की प्रक्रिया शुरू होती है। रामलला को स्नान कराया जाता है, सुगंधित लेप लगाया जाता है और फिर मौसम के अनुरूप नए वस्त्र पहनाए जाते हैं। गर्मी के दिनों में उन्हें हल्के और सूती वस्त्र पहनाए जाते हैं, जबकि सर्दियों में ऊनी और गर्म कपड़ों से श्रृंगार किया जाता है।
भगवान के श्रृंगार में फूलों का विशेष महत्व होता है। रामलला को पहनाई जाने वाली फूलों की माला विशेष रूप से दिल्ली से मंगाई जाती है, जिससे प्रभु का रूप और भी मनमोहक हो जाता है।
मंदिर की दिनचर्या के अनुसार सुबह 6:30 बजे पहली आरती होती है। इसके बाद दिनभर अलग-अलग समय पर पूजा और आरती का क्रम चलता रहता है। दोपहर 12 बजे भोग आरती होती है, जबकि शाम 7:30 बजे संध्या आरती के साथ भक्तों के दर्शन का समय समाप्त हो जाता है। इसके बाद रात 8:30 बजे प्रभु को शयन कराया जाता है।
रामलला को दिन में चार बार भोग अर्पित किया जाता है। सुबह की शुरुआत बाल भोग से होती है, जिसमें विभिन्न प्रकार के प्रसाद और व्यंजन शामिल रहते हैं। ये सभी व्यंजन मंदिर की रसोई में ही शुद्धता और परंपरा के अनुसार तैयार किए जाते हैं।
इसी क्रम में चैत्र माह कृष्ण पक्ष त्रयोदशी, विक्रम संवत 2082 (17 मार्च, मंगलवार) को अयोध्या धाम में ब्रह्मांड नायक रामलला सरकार का विशेष और अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसके दिव्य दर्शन से श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
The Duniyadari: रायगढ़ में सीएसआर फंड दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो टेलीग्राम के माध्यम से साइबर अपराधियों को कॉर्पोरेट बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और इसके बदले मोटा कमीशन लेते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ देशभर में अब तक 44 साइबर ठगी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। जांच में यह भी पता चला है कि एक एनजीओ कार्यकर्ता के बैंक खाते के जरिए करीब 2 करोड़ 17 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन किया गया।
मामले की शिकायत रायगढ़ के इंदिरानगर में रहने वाली सामाजिक कार्यकर्ता आयशा परवीन ने 12 मार्च को साइबर थाना रायगढ़ में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में उनके भांजे ने उनकी मुलाकात अभय यादव और विजय चंद्रा से करवाई थी। दोनों ने दावा किया कि एक बड़ी कंपनी सीएसआर मद के तहत सामाजिक कार्यों के लिए अनुदान देना चाहती है। भरोसा दिलाकर आरोपियों ने उनसे उनके एनजीओ से जुड़े पंजीयन दस्तावेज ले लिए।
कुछ समय बाद विजय चंद्रा ने अपने साथियों अजय साहू और सचिन चौहान से उनका संपर्क कराया। आरोपियों के कहने पर महिला ने अपने संस्थान के नाम से एक्सिस बैंक में खाता खुलवाया। खाता खुलने के बाद आरोपियों ने ऑनलाइन बैंकिंग की पूरी प्रक्रिया खुद पूरी कर ली और एमपिन समेत अन्य लॉगिन संबंधी जानकारी अपने पास रख ली।
इसके बाद महिला और उनके पति को अनुदान और नौकरी से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर गुवाहाटी बुलाया गया। आरोपियों ने उनके लिए फ्लाइट टिकट और होटल की व्यवस्था भी कराई। होटल में दो अज्ञात लोगों ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताते हुए महिला के मोबाइल में एक एपीके फाइल डाउनलोड कराई और एनजीओ के खाते को रजिस्टर करने की बात कही।
महिला के अनुसार होटल में एक सप्ताह तक उन्हें रोककर कई बार मोबाइल लेकर जांच के नाम पर बैंकिंग गतिविधियां की जाती रहीं। बाद में खाता में तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर उन्हें 12 जनवरी 2026 को रायगढ़ वापस भेज दिया गया।
रायगढ़ लौटने के बाद महिला को बैंक से कॉल आया, जिसमें उनके खाते में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी दी गई। 14 जनवरी को बैंक ने स्पष्ट किया कि खाते के माध्यम से साइबर फ्रॉड से जुड़े ट्रांजेक्शन किए जा रहे हैं। इसके बाद महिला को देश के अलग-अलग राज्यों से ईमेल मिलने लगे, जिनमें उनके खाते में ठगी से जुड़ी रकम जमा होने की शिकायतें दर्ज थीं।
जांच में सामने आया कि 29 दिसंबर 2025 से ही उनके खाते से संदिग्ध लेनदेन शुरू हो गए थे। जब महिला ने इस बारे में विजय चंद्रा से संपर्क किया तो उसने बैंक की गलती बताकर टाल दिया और बाद में संपर्क ही बंद कर दिया।
शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने जांच शुरू की और अंतरराज्यीय साइबर गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अभय यादव पहले एक स्थानीय बैंक में काम कर चुका है और उसकी पहचान विजय चंद्रा से पहले से थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर अन्य साथियों के साथ टेलीग्राम ग्रुप के जरिए साइबर ठगी के नेटवर्क से संपर्क किया।
यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधियों को कॉर्पोरेट बैंक खाते उपलब्ध कराता था, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन के लिए किया जाता था। इसके बदले आरोपी 5 से 15 प्रतिशत तक कमीशन लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने 25 से 30 बैंक खाते विभिन्न राज्यों में उपलब्ध कराने की बात कबूल की है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया है। शुरुआती जांच में साइबर पुलिस के समन्वय पोर्टल पर महिला के खाते से जुड़े 44 साइबर ठगी के मामलों की जानकारी सामने आई है, जिनमें करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
The Duniyadari: बागबहरा में एक मासूम बच्चे की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाए गए टीके के कुछ घंटों बाद 5 साल के बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक महासमुंद निवासी नरेंद्र यादव, जो खल्लारी थाना में पदस्थ हैं और बागबहरा में रहते हैं, सोमवार को अपने बेटे नैतिक यादव (5 वर्ष) को नियमित टीकाकरण के लिए बागबहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए थे। यहां बच्चे को उम्र के अनुसार डीपीटी का टीका लगाया गया।
बताया जा रहा है कि टीका लगने के कुछ ही घंटे बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के लोग उसे घर ले आए थे, जहां उसने भोजन करने के बाद आराम किया। शाम करीब पांच बजे बच्चे की मां ने फोन कर पिता को बताया कि बच्चे की हालत ठीक नहीं है और उसका मुंह खुला हुआ है। घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि टीकाकरण में लापरवाही हुई है और इसी वजह से बच्चे की जान गई। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पोस्टमार्टम किसी बाहरी विशेषज्ञ टीम से कराया जाए, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
घटना के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूचना मिलते ही जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
The Duniyadari: दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खेत में काम कर रही महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा, जिसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि कई अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत रूहा में कुछ महिलाएं रोज की तरह खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का बड़ा झुंड वहां आ पहुंचा और महिलाओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिलाएं घबरा गईं और अपनी जान बचाने के लिए खेत से भागने लगीं, लेकिन तब तक कई महिलाएं मधुमक्खियों के डंक से घायल हो चुकी थीं।
हमले में 40 वर्षीय दुर्गा साहू की हालत गंभीर हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें और अन्य घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा साहू को मृत घोषित कर दिया।
घटना में घायल चार से पांच अन्य महिलाओं का अस्पताल में उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग इस अचानक हुई घटना से सहमे हुए
The Duniyadari: एमसीबी। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र मनेन्द्रगढ़ के तत्वावधान में 23 मार्च 2026 को रोजगार मेला एवं प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जहां निजी कंपनियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनी परिशराम ह्यूमन रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड, गुरुग्राम (हरियाणा) द्वारा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। कंपनी की ओर से मीटर इंस्टॉलेशन के लिए 50 पदों पर चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को 15 हजार से 20 हजार रुपये तक प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा और उनकी नियुक्ति छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में की जाएगी।
इस पहल से आईटीआई पास युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार हासिल करने का अच्छा अवसर मिलेगा। जिला रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रोजगार मेला पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। इसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को पहले ई-रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/� या गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध “CG Rojgar” पंजीयन ऐप के माध्यम से अपना पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने जिले के योग्य और इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले में भाग लेकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं और अपने करियर को मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।