Home Blog Page 119

पत्नी से विवाद में हैवान बना पिता, छह साल के बेटे को नहर में डुबोकर मार डाला

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिलौनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने ही अपने छह वर्षीय मासूम बेटे की नहर में डुबोकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी रमेश यादव, जो ग्राम भैंसों का रहने वाला है, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब दो बजे अपने ससुराल भिलौनी पहुंचा। वहां से वह अपने छह साल के बेटे आयुष यादव को साथ लेकर निकल गया। कुछ घंटों बाद वह बच्चे का शव लेकर वापस ससुराल पहुंचा, जिससे परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि रमेश यादव शराब पीने का आदी है और उसकी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन झगड़े और मारपीट से परेशान होकर उसकी पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ मायके भिलौनी में रहने लगी थी। पत्नी के मायके में रहने से रमेश काफी नाराज था और उसे बार-बार धमकियां देता रहता था।

मृतक आयुष की मां ने पुलिस को बताया कि रमेश कई बार उसे जान से मारने की धमकी दे चुका था और कहता था कि वह सबको खत्म कर देगा। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

शुरुआत में रमेश यादव ने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा कि वह नशे में था और साइकिल नहर में गिर जाने से बच्चे की मौत हो गई। हालांकि पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में उसने सच्चाई कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि पत्नी के घर वापस न आने से वह गुस्से में था, इसी आक्रोश में उसने बेटे आयुष को नहर के पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी के अनुसार मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारी और अधिकारियों के तबादले

The Duniyadari: जशपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पुलिस व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। पुलिस कप्तान एवं डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह की अनुशंसा पर जारी आदेश के तहत जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ कई अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार चार थाना प्रभारियों के साथ ही चार उप-निरीक्षकों और तीन सहायक उप-निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इन अधिकारियों को जिले के अलग-अलग थानों में पदस्थ किया गया है, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करना होगा। इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

GST रिकवरी कार्रवाई से व्यापारियों में नाराज़गी, बैंक खातों से राशि कटने पर उठाए सवाल

The Duniyadari: कोरबा- जिले में राज्य कर विभाग की रिकवरी प्रक्रिया को लेकर व्यापारियों में असंतोष देखने को मिल रहा है। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि जीएसटी सर्किल-02 कार्यालय की ओर से बड़ी संख्या में नोटिस जारी किए जा रहे हैं और इसके आधार पर कई व्यापारियों के बैंक खातों को अटैच किया जा रहा है।

व्यापारियों के मुताबिक कई मामलों में उन्होंने विभाग को पहले ही लिखित जवाब और जरूरी दस्तावेज सौंप दिए थे, लेकिन उन पर समय रहते कोई फैसला नहीं लिया गया। इसके बावजूद अचानक बैंक खातों से रकम काटने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे व्यापार संचालन प्रभावित हो रहा है और आर्थिक दबाव भी बढ़ रहा है।

व्यापारिक संगठनों ने जीएसटी नियमों और सीबीआईसी (CBIC) के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की रिकवरी से पहले संबंधित व्यापारी को पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए और उसके पक्ष को सुनकर ही निर्णय लिया जाना चाहिए।

संगठनों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जिन व्यापारियों के खातों से बिना पूरी प्रक्रिया अपनाए राशि काटी गई है, उन मामलों में उचित कार्रवाई कर राहत दी जाए। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से जिले के व्यापारिक माहौल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

हाइवा दुकान में घुसा, कटर से एक घंटे में निकाला गया घायल चालक

The Duniyadari: जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया।

बस्तर थाना प्रभारी सुरेश जांगड़े ने बताया कि हाइवा रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान चालक को रास्ते में झपकी आ गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बनी दुकान से जा टकराया। दुर्घटना के बाद चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसका पैर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर बस्तर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चालक को सुरक्षित निकालना आसान नहीं था। स्थिति को देखते हुए नगर सेना की एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने कटर मशीन की मदद से वाहन के हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक सुंदर मांझी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ देर तक राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

परीक्षा के बीच प्रमोशन आदेश से शिक्षकों में नाराजगी, ज्वाइनिंग की तारीख बढ़ाने की मांग

The Duniyadari: रायपुर। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राथमिक शालाओं में प्रधान पाठक पद पर 55 शिक्षकों को पदोन्नति देने का आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार सभी शिक्षकों को 16 मार्च तक अपनी नई पदस्थापना वाली शाला में अनिवार्य रूप से ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि तक ज्वाइन नहीं करने पर पदोन्नति निरस्त मानी जाएगी।

इस आदेश के बाद जिले के शिक्षकों में असंतोष देखा जा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि आमतौर पर प्रमोशन या स्थानांतरण के मामलों में ज्वाइनिंग के लिए कम से कम एक सप्ताह का समय दिया जाता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया गया।

शिक्षकों के अनुसार 16 मार्च से ही कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं और कई शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा केंद्राध्यक्ष के रूप में लगाई गई है। ऐसे में यदि वे नई शाला में जाकर ज्वाइन करते हैं तो परीक्षा केंद्रों का संचालन प्रभावित हो सकता है। कई स्कूलों में पहले से ही शिक्षकों की कमी है और कुछ जगहों पर एक ही शिक्षक के भरोसे पूरी शाला चल रही है।

शिक्षकों ने यह भी सवाल उठाया है कि ऐसी स्थिति में वे स्कूल का संचालन करें या परीक्षा व्यवस्था संभालें। उनका कहना है कि जिन शिक्षकों की परीक्षा संबंधी ड्यूटी लगी है, उन्हें परीक्षा समाप्त होने के बाद ही नई जगह पर ज्वाइन करने का अवसर दिया जाना चाहिए।

शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि ज्वाइनिंग की अंतिम तिथि बढ़ाकर कम से कम 31 मार्च 2026 तक की जाए। उनका कहना है कि पिछले वर्षों में भी प्रमोशन के बाद शिक्षकों को 31 मार्च तक ज्वाइन करने का समय दिया जाता रहा है, इसलिए इस वर्ष इतनी जल्दबाजी समझ से परे है।

इसके साथ ही शिक्षकों ने यह भी मुद्दा उठाया है कि स्वामी आत्मानंद विद्यालयों के शिक्षकों को परीक्षा केंद्राध्यक्ष की जिम्मेदारी नहीं दी गई, जबकि वे भी सरकारी शिक्षक हैं। इसे लेकर भी नाराजगी जताई जा रही है।

शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वे जल्द ही कलेक्टर से मुलाकात कर ज्वाइनिंग की तिथि बढ़ाने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग करेंगे।

 

आंगनबाड़ी के 3 रिक्त पदों पर भर्ती शुरू, 28 जून तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

The Duniyadari: गरियाबंद- जिले में एकीकृत बाल विकास परियोजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परियोजना अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कुल तीन पदों पर भर्ती की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक सेक्टर पीपरछेड़ी के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र भुंजिया पीपरछेड़ी (ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी) में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक पद रिक्त है। वहीं सेक्टर धवलपुर के आंगनबाड़ी केंद्र कुकुरार (ग्राम पंचायत आमामोरा) में आंगनबाड़ी सहायिका का एक पद खाली है। इसके अलावा सेक्टर गरियाबंद के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र पारागांव में भी सहायिका का एक पद भरा जाएगा।

इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी ई-भर्ती पोर्टल www.erecruitment.in⁠� के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 13 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 28 जून 2026 तक आवेदन जमा कर सकेंगे।

भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश संबंधित पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए हैं, जहां से आवेदक पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

डांस टीचर हत्याकांड में अब तक सुराग नहीं, पुलिस ने जानकारी देने वाले के लिए 10 हजार का इनाम घोषित किया

The Duniyadari: कवर्धा। जिले में हुए डांस टीचर हत्याकांड को करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने अब सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए नकद इनाम घोषित किया है।

यह मामला 19 जनवरी 2026 का है, जब लालपुर नर्सरी के पास सड़क किनारे एक युवक का खून से सना शव मिला था। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के गले और पेट पर चाकू से किए गए कई गंभीर घाव पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान 27 वर्षीय सत्यमदास मानिकपुरी के रूप में हुई, जो कवर्धा के घोठिया रोड स्थित वार्ड नंबर 26 का निवासी था और पेशे से डांस टीचर था। बताया गया कि घटना से एक दिन पहले यानी शनिवार रात से वह लापता था।

इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी किसी आरोपी का ठोस सुराग नहीं मिल सका है। इसी बीच पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने आरोपियों के बारे में जानकारी देने या उनकी गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और मामले की जांच जारी है।

कथावाचक ने विधानसभा के बाहर दी आत्मदाह की चेतावनी, मंत्री पर 15 लाख रुपये नहीं देने का आरोप

The Duniyadari: रायपुर, 14 मार्च। छत्तीसगढ़ के कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज ने राज्य सरकार के एक मंत्री पर पारिश्रमिक नहीं देने का आरोप लगाते हुए विधानसभा के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। उन्होंने करीब डेढ़ मिनट का एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती बताई और न्याय की मांग की।

वीडियो में डॉ. रामानुरागी महाराज ने कहा कि 2 जनवरी से 9 जनवरी 2026 के बीच अंबिकापुर के लखनपुर में मंत्री राजेश अग्रवाल के यहां श्रीमद भागवत कथा का आयोजन हुआ था, जिसमें उन्होंने कथावाचन किया। उनका आरोप है कि कथा समाप्त होने के बाद भी उन्हें तय पारिश्रमिक नहीं दिया गया।

कथावाचक का कहना है कि भुगतान के लिए कई बार संपर्क करने के बावजूद उन्हें पैसा नहीं मिला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वे अपना हक मांगने पहुंचे तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें वहां से भगा दिया गया।

डॉ. रामानुरागी महाराज ने वीडियो में कहा कि एक संत के साथ इस तरह का व्यवहार सनातन धर्म की मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से न्याय की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें उनका बकाया भुगतान नहीं मिला तो वे विधानसभा के गेट नंबर 3 के बाहर आत्मदाह कर लेंगे।

मकान निर्माण के नाम पर 20 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर अंडरवर्ल्ड से गोली मरवाने की धमकी

The Duniyadari: रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र में मकान निर्माण के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और अंडरवर्ल्ड के नाम पर धमकी देने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित सिक्योरिटी अफसर ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने एडवांस में करीब 20 लाख रुपये लेने के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया और जब पैसे वापस मांगे गए तो उसे जान से मारने की धमकी दिलवाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार एनआईटी कैंपस में पदस्थ सिक्योरिटी अफसर बलराम नायक ने अवंति विहार निवासी ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने महादेव घाट रोड स्थित सुदर्शन विहार में अपने मकान के पुनर्निर्माण का काम ठेकेदार को सौंपा था। वर्ष 2024 से 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में करीब 20 लाख रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।
बलराम नायक का आरोप है कि जब उन्होंने ठेकेदार से काम पूरा करने या रकम लौटाने की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील और दाऊद इब्राहिम का करीबी बताते हुए धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे गए तो गोली मार दी जाएगी।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने कुछ बदमाशों की मदद से उनसे जबरन एक फर्जी इकरारनामे पर हस्ताक्षर कराने की कोशिश की और ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। लगातार धमकियों और परेशानियों से तंग आकर आखिरकार उन्होंने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और ब्लैकमेलिंग सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

एपस्टिन फाइल विवाद में कांग्रेस नेता विनोद तिवारी गिरफ्तार, यूपी से दिल्ली लाई जा रही पुलिस टीम

The Duniyadari: नई दिल्ली, 14 मार्च। एपस्टिन फाइल से जुड़े कथित विवाद में दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता विनोद तिवारी को उत्तर प्रदेश से हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले की जांच पिछले कुछ दिनों से चल रही थी और प्रारंभिक स्तर पर मिले सबूतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और वहीं से तिवारी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल उन्हें आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार एपस्टिन फाइल से संबंधित कुछ संवेदनशील जानकारियां सामने आने के बाद जांच की रफ्तार तेज कर दी गई थी। इसी सिलसिले में कांग्रेस नेता से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

वहीं इस गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि कांग्रेस पार्टी की ओर से इस पूरे मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।