Home Blog Page 2

आज का राशिफल: इन राशियों के लिए बन रहे हैं नए अवसर, जानें मेष से मीन तक भविष्यफल

The Duniyadari: रविवार को चंद्रमा धनु राशि में रहेंगे। आज कई राशियों को करियर, धन और रिश्तों के मामलों में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं, जबकि कुछ लोगों को खर्च और महत्वपूर्ण फैसलों में सावधानी बरतनी होगी।

मेष: आज रुके हुए काम आगे बढ़ सकते हैं। करियर में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। परिवार का सहयोग मिलेगा। आर्थिक मामलों में दिन सामान्य से बेहतर रह सकता है।

वृषभ: धन संबंधी मामलों में सावधानी रखें। अचानक खर्च सामने आ सकता है। किसी बड़े निवेश या लेन-देन से पहले पूरी जानकारी जरूर जांच लें।

मिथुन: साझेदारी और कामकाज से जुड़े मामलों में सकारात्मक प्रगति हो सकती है। किसी पुराने संपर्क से लाभ मिलने की संभावना है। रिश्तों में बातचीत से गलतफहमियां दूर होंगी।

कर्क: कार्यक्षेत्र में मेहनत का अच्छा परिणाम मिल सकता है। पुराने विवाद या कागजी काम निपटाने का अवसर मिलेगा। उधार देने में सतर्क रहें।

सिंह: आज कामकाज में सक्रियता बनी रहेगी। अधिकारियों और सहकर्मियों से सहयोग मिल सकता है। आर्थिक स्थिति मजबूत करने के अवसर मिलेंगे, लेकिन अनावश्यक खर्च से बचें। 

कन्या: कार्यस्थल पर नई जिम्मेदारी मिल सकती है। आत्मविश्वास बढ़ेगा और महत्वपूर्ण काम पूरे करने में सफलता मिल सकती है। परिवार में सुखद माहौल रहेगा।

तुला: परिवार से जुड़ा कोई मामला सुलझ सकता है। किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात होगी। जल्दबाजी में निर्णय लेने और किसी को पैसा उधार देने से बचें। 

वृश्चिक: धन और पारिवारिक मामलों में दिन महत्वपूर्ण रह सकता है। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं। बातचीत करते समय शब्दों का ध्यान रखें।

धनु: आज आत्मविश्वास मजबूत रहेगा। करियर में आगे बढ़ने के नए रास्ते खुल सकते हैं। यात्रा या शिक्षा से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है।

मकर: धार्मिक या सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। खर्च बढ़ सकता है, इसलिए बजट पर ध्यान दें। कामकाज में धैर्य बनाए रखना जरूरी होगा।

कुंभ: नए संपर्क और साझेदारी से लाभ की संभावना है। कारोबार में नया प्रस्ताव मिल सकता है। मेहनत से आय का अतिरिक्त रास्ता बन सकता है। 

मीन: करियर के लिहाज से दिन सक्रिय रहेगा। कोई महत्वपूर्ण काम आगे बढ़ सकता है। वरिष्ठ लोगों का सहयोग मिलेगा और भविष्य की योजना बनाने के लिए दिन अच्छा रहेगा। 

आज का विशेष उपाय: रविवार को सुबह सूर्यदेव को जल अर्पित करें और दिन की शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ करें।

नोट: राशिफल सामान्य ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है।

झीरम घाटी फैसले पर आदिवासी समाज ने जताई असहमति, अब हाईकोर्ट में चुनौती की तैयारी

The Duniyadari: जगदलपुर। झीरम घाटी हत्याकांड में एनआईए की विशेष अदालत द्वारा 10 दोषियों को मृत्युदंड दिए जाने के बाद मामले को लेकर आदिवासी समाज की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। समाज के प्रतिनिधियों और प्रभावित परिवारों की जगदलपुर के परपा में बैठक हुई, जिसमें बस्तर संभाग सहित आसपास के करीब 6-7 जिलों से लोग शामिल हुए।

बैठक में कुछ प्रभावित परिवारों और समाज के प्रतिनिधियों ने अदालत के फैसले पर असहमति जताई। उनका दावा है कि जिन लोगों को इस मामले में दोषी ठहराया गया है, वे झीरम की घटना में शामिल नहीं थे। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में होने वाली बैठकों में किसी ग्रामीण की मौजूदगी को नक्सली गतिविधि में भागीदारी का आधार नहीं माना जाना चाहिए।

कानूनी लड़ाई के लिए गांव-गांव से जुटाया जाएगा सहयोग

बैठक में मामले को उच्च न्यायालय में चुनौती देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। समाज की ओर से कहा गया कि प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर आगे कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके लिए गांवों और परिवारों से आर्थिक सहयोग जुटाने का निर्णय लिया गया है। प्रत्येक परिवार से 20 रुपये सहयोग राशि लेने की बात कही गई है।

समाज के प्रतिनिधियों के मुताबिक, पहले हाईकोर्ट में अपील दाखिल की जाएगी। वहां से राहत नहीं मिलने की स्थिति में सुप्रीम कोर्ट तक मामला ले जाने की तैयारी है।

प्रकाश ठाकुर बोले- फैसले से समाज संतुष्ट नहीं

सर्व आदिवासी समाज के संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने बैठक के बाद कहा कि प्रभावित परिवारों से चर्चा के दौरान कई सवाल सामने आए हैं। उनके अनुसार, समाज एनआईए कोर्ट के फैसले से संतुष्ट नहीं है।

ठाकुर का दावा है कि जेल में बंद कुछ लोग घटना में शामिल नहीं थे और उन्हें नक्सली गतिविधियों से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर होने वाली बैठकों में ग्रामीणों की भागीदारी सामान्य बात है। उनके मुताबिक, केवल बैठक में शामिल होने से किसी व्यक्ति को नक्सली गतिविधियों से जुड़ा हुआ नहीं माना जा सकता।

उन्होंने कहा कि समाज अब फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई जारी रखी जाएगी।

गंगा नाग ने भी उठाए सवाल

सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष गंगा नाग ने कहा कि प्रभावित परिवारों से चर्चा के बाद समाज ने इस मामले में कानूनी लड़ाई आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। उनका दावा है कि सजा पाने वाले लोगों की भूमिका को लेकर समाज के सामने कई सवाल हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि झीरम हमले के पीछे जिन लोगों को वास्तविक रूप से जिम्मेदार माना जा रहा है, उनमें से कई आज भी बाहर हैं, जबकि कुछ अन्य लोग जेल में बंद हैं। इसी मुद्दे को लेकर समाज अब न्यायिक प्रक्रिया के अगले चरण में अपना पक्ष रखने की तैयारी कर रहा है।

झीरम घाटी मामले में 13 साल बाद 16 सितंबर 2026 को जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत ने 10 दोषियों को मृत्युदंड सुनाया था। अदालत के इस फैसले के बाद अब प्रभावित परिवारों और आदिवासी समाज के एक वर्ग की ओर से हाईकोर्ट में अपील की तैयारी की बात सामने आई है।

छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, दशहरा-दिवाली से लेकर विंटर ब्रेक तक जानें पूरी तारीख

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2026 के लिए स्कूली अवकाश का शेड्यूल सामने आ गया है। प्रदेश के सरकारी, अनुदान प्राप्त और निजी विद्यालयों में प्रमुख त्योहारों के साथ सर्दियों की छुट्टियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश को मिलाकर विद्यार्थियों को कुल 15 दिन का ब्रेक मिलेगा।

छुट्टियों की तारीखें पहले से तय होने के कारण छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक भी त्योहारों के दौरान यात्रा या अन्य कार्यक्रमों की योजना बना सकेंगे।

दशहरा में 5 दिन की छुट्टी

वर्ष 2026 में दशहरा के अवसर पर स्कूल 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। यानी विद्यार्थियों को इस दौरान लगातार पांच दिनों का अवकाश मिलेगा।

दीपावली पर भी मिलेगा पांच दिन का ब्रेक

दीपावली के त्योहार के लिए 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक स्कूलों में छुट्टी रहेगी। इस तरह दीपावली के आसपास भी बच्चों को पांच दिन पढ़ाई से विराम मिलेगा।

दिसंबर में शीतकालीन अवकाश

साल के अंत में सर्दियों की छुट्टी निर्धारित की गई है। 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश रहेगा। यह अवकाश भी पांच दिनों का होगा।

पिछले साल से कम हुई छुट्टियां

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश के लिए छह-छह दिन निर्धारित किए गए थे। यानी तीनों अवकाशों को मिलाकर कुल 18 दिन की छुट्टी थी। वहीं वर्ष 2026 के निर्धारित कैलेंडर में इन तीनों अवसरों पर कुल अवकाश घटकर 15 दिन रह गया है।

आज का राशिफल: इन राशियों के लिए खुलेंगे तरक्की के नए रास्ते, जानें मेष से मीन तक का हाल

The Duniyadari: आज ग्रह-नक्षत्रों की बदलती चाल से कई राशियों को मिलेगा लाभ, नौकरी-व्यापार में बनेंगे नए अवसर; जानिए मेष से मीन तक आपका दिन कैसा रहेगा

मेष: आज कामकाज में सक्रियता बनी रहेगी। किसी महत्वपूर्ण योजना पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है। परिवार में माहौल अच्छा रहेगा। खर्चों पर नियंत्रण रखना फायदेमंद होगा।

वृषभ: आज आपको मेहनत का सकारात्मक परिणाम मिल सकता है। नौकरी में जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ का अवसर मिलेगा। किसी पुराने परिचित से मुलाकात हो सकती है।

मिथुन: आज निर्णय लेते समय जल्दबाजी से बचें। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी। परिवार के साथ समय बिताने से मन प्रसन्न रहेगा।

कर्क: आज रुके हुए काम पूरे होने की संभावना है। नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों का सहयोग मिल सकता है। धन संबंधी मामलों में सावधानी रखें। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें।

सिंह: आज आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा। करियर से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण फैसला आपके लिए उपयोगी साबित हो सकता है। व्यापार में नए संपर्क बनेंगे। परिवार में किसी सदस्य से अच्छी खबर मिल सकती है।

कन्या: आज योजनाओं को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने का दिन है। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत नजर आएगी। आर्थिक मामलों में स्थिति बेहतर हो सकती है। अनावश्यक बहस से दूरी बनाए रखें।

तुला: आज सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्र में आपकी सक्रियता बढ़ेगी। किसी नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो सकता है। रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। निवेश से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें।

वृश्चिक: आज काम के दबाव के बावजूद आप अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखेंगी। अचानक कोई अच्छी खबर मिल सकती है। धन लाभ के अवसर बनेंगे। परिवार के साथ किसी जरूरी विषय पर बातचीत होगी।

धनु: आज भाग्य का साथ मिलने से कई काम आसानी से पूरे हो सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा रहेगा। नौकरी में प्रगति के अवसर मिल सकते हैं। यात्रा की योजना बन सकती है।

मकर: आज आपको अपनी मेहनत का लाभ मिल सकता है। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए नई योजना बना सकती हैं। परिवार का सहयोग मिलेगा।

कुंभ: आज नए विचारों पर काम करने का मौका मिलेगा। कारोबार में कोई महत्वपूर्ण सौदा हो सकता है। नौकरी में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। निजी जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।

मीन: आज दिन की शुरुआत थोड़ी व्यस्त रह सकती है, लेकिन बाद में परिस्थितियां अनुकूल होंगी। पुराने विवाद को बातचीत से सुलझाने का अवसर मिलेगा। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

वेतन भुगतान में गड़बड़ी पर महासमुंद में बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्राचार्य समेत 3 कर्मचारी निलंबित

The Duniyadari: महासमुंद। शासकीय कर्मचारियों के वेतन भुगतान में कथित तौर पर हेरफेर और सरकारी खजाने को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने कार्रवाई की है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरपुर से जुड़े इस प्रकरण में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर सहित सहायक ग्रेड-2 के नारायण प्रसाद निर्मलकर और अकील मोहम्मद खान को निलंबित किया गया है।

जारी आदेश में नारायण प्रसाद निर्मलकर पर वेतन बिल तैयार करने के दौरान निर्धारित राशि से अधिक वेतन एवं भत्ते दर्शाने का आरोप लगाया गया है। विभाग के अनुसार, जुलाई 2024 के वेतन भुगतान में वास्तविक देय राशि की तुलना में काफी अधिक राशि दर्शाकर कोषालय से भुगतान कराया गया।

मामला यहीं तक सीमित नहीं बताया गया है। आदेश के मुताबिक मई 2025 से जनवरी 2026 के बीच तैयार किए गए नियमित वेतन बिलों में भी मूल वेतन और विभिन्न भत्तों की राशि में कथित रूप से बदलाव किया गया। ऑनलाइन बिल तैयार करने के बाद ई-बिल के जरिए बढ़ी हुई राशि का भुगतान कराया गया।

विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को सरकारी नियमों की अनदेखी से जुड़ा गंभीर मामला माना है। आदेश में वेतन देयकों में कथित हेरफेर, प्रक्रिया में अनियमितता और शासकीय धन को नुकसान पहुंचाने के आरोपों का उल्लेख किया गया है।

प्रभारी प्राचार्य समेत दो अन्य पर भी कार्रवाई

इसी प्रकरण में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर और सहायक ग्रेड-2 अकील मोहम्मद खान को भी निलंबित किया गया है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।

निलंबन के दौरान संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। विभागीय आदेश के बाद विद्यालय से जुड़े वेतन भुगतान की प्रक्रिया और जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका को लेकर मामला गंभीर जांच के दायरे में आ गया है।

कलेक्टोरेट के सामने ननद-भाभी में सड़क पर भिड़ंत, बच्चों को छोड़कर भागने का आरोप

The Duniyadari: बिलासपुर। शहर के कलेक्टोरेट परिसर के मुख्य गेट के सामने गुरुवार दोपहर पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। करीब ढाई बजे दो महिलाओं के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद ऑटो से सामान उतारने को लेकर शुरू हुआ था। घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

मामला अकलतरा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से जुड़ा है, जिसने सकरी परसदा निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। महिला के दो छोटे बच्चे हैं। महिला के मुताबिक, शादी के बाद पति और ससुराल पक्ष से उसका विवाद बढ़ता गया। उसने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। प्रेम विवाह के कारण मायके पक्ष से भी संबंध खत्म होने की बात महिला ने कही है।

महिला का कहना है कि फिलहाल उसकी सबसे बड़ी चिंता अपने बच्चों की देखभाल को लेकर है। उसने बच्चों को उनके पिता और दादी के पास छोड़ने का फैसला किया था। महिला के अनुसार, जब तक उसे रोजगार नहीं मिल जाता और रहने के लिए अलग व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक बच्चों को ससुराल में रखना चाहती थी।

इसी सिलसिले में वह बच्चों को छोड़ने के बाद ऑटो से वापस लौट रही थी। आरोप है कि उसकी ननद भी उसी ऑटो में पीछे से सवार हो गई। कलेक्टोरेट के सामने महिला ने अपना सूटकेस उतारना शुरू किया, इसी दौरान दोनों के बीच बहस हो गई। स्थिति बिगड़ती देख ऑटो चालक ने दोनों को नीचे उतार दिया।

इसके बाद सड़क पर ही दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान बाइक से दो युवक वहां पहुंचे। महिला का आरोप है कि दोनों युवक उसके दोनों बच्चों को सड़क पर छोड़कर वहां से निकल गए। बच्चों को सड़क पर देखकर वह उन्हें संभालने लगी, तभी दोनों महिलाओं के बीच फिर मारपीट शुरू हो गई।

घटना के दौरान ननद ने महिला के साथ मारपीट की। कुछ देर बाद वह वहां से दूसरे ऑटो में बैठकर चली गई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

बच्चों को सड़क पर छोड़ने का भी आरोप

महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बाइक से बच्चों को छोड़ने पहुंचे युवकों में से एक उसका पति और बच्चों का पिता था। उसके अनुसार, दोनों बच्चों को सड़क किनारे छोड़ने के बाद वे वहां से चले गए। इसके बाद वह बच्चों को अपने साथ ले गई। महिला का कहना है कि पारिवारिक विवाद के बीच बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति और ज्यादा मुश्किल हो गई है।

छत्तीसगढ़ में इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई रफ्तार, 20 साल के रोड नेटवर्क का बनेगा मास्टर प्लान

The Duniyadari:रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास की व्यापक योजना तैयार की जा रही है। इसी दिशा में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। मिशन के संचालन के लिए लोक निर्माण विभाग को नोडल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में प्रदेश के सड़क नेटवर्क के साथ बिजली, ट्रांसमिशन, जल संसाधन, सिंचाई, संचार और फाइबर नेटवर्क जैसी सुविधाओं को एक-दूसरे से जोड़कर विकसित करने की रणनीति पर विचार किया गया। अधिकारियों को प्रदेश की मौजूदा अधोसंरचना का आकलन कर भविष्य की जरूरतों के हिसाब से योजनाएं तैयार करने को कहा गया।

20 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगा रोड मैप

मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ के सड़क नेटवर्क के लिए 20 वर्षीय मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें मौजूदा सड़कों की स्थिति, नए क्षेत्रों में बढ़ती कनेक्टिविटी की जरूरत, संभावित विकास क्षेत्र और भविष्य में यातायात की आवश्यकताओं का अध्ययन किया जाएगा।

मास्टर प्लान के आधार पर अलग-अलग परियोजनाओं की प्राथमिकता तय होगी और उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना बनाई जाएगी।

सड़क के साथ बिजली, पानी और डिजिटल नेटवर्क पर भी फोकस

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रदेश का विकास केवल सड़क निर्माण तक सीमित न रहे। बिजली और ट्रांसमिशन व्यवस्था, जल एवं सिंचाई सुविधाओं, संचार सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी को भी एक साथ ध्यान में रखकर अधोसंरचना तैयार की जाए।

इसके लिए विभिन्न विभागों की जरूरतों का आकलन करते हुए यह तय किया जाएगा कि आने वाले समय में किन क्षेत्रों में किस तरह की सुविधाओं की आवश्यकता होगी।

इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब की तलाश

छत्तीसगढ़ में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं पर भी अध्ययन किया जाएगा। इसके तहत सड़क और रेल सहित परिवहन के अलग-अलग साधनों के बीच बेहतर तालमेल और कनेक्टिविटी की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

माल ढुलाई को आसान और प्रभावी बनाने वाली परियोजनाओं की पहचान करने के साथ ही इनके लिए संभावित वित्तीय मॉडल पर भी काम किया जाएगा। सरकारी निवेश के अलावा निजी निवेश समेत अन्य फंडिंग विकल्पों का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

हर साल की योजनाओं का भी बनेगा एक्शन प्लान

20 साल की दीर्घकालिक योजना के साथ प्रत्येक वर्ष के लिए अलग एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें सालभर में किए जाने वाले काम, उनकी प्राथमिकता, बजट एवं संसाधनों की जरूरत और काम पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की जाएगी।

मुख्य सचिव ने परियोजनाओं की मैपिंग और बेहतर प्लानिंग के साथ उनके समय पर क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

दूसरे राज्यों की आधुनिक परियोजनाओं का करेंगे अध्ययन

अधिकारियों को देश के अन्य राज्यों में चल रही आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं का अध्ययन कराने के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इसका उद्देश्य वहां इस्तेमाल हो रही नई तकनीक और बेहतर कार्यप्रणाली को समझकर छत्तीसगढ़ की परिस्थितियों के अनुरूप लागू करना है।

बैठक में संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर मिशन के कार्यों को निर्धारित समय में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

तालाब में नहाने गईं तीन मासूम सहेलियां डूबीं, परिवारों में पसरा मातम

The Duniyadari: कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। तालाब में नहाने पहुंची तीन मासूम बच्चियों की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में अच्छी सहेलियां थीं।

बताया गया कि तीनों बच्चियां उस दिन स्कूल नहीं गई थीं। दोपहर के समय वे घर से निकलकर तालाब की ओर चली गईं। उस वक्त उनके परिजन अपने-अपने काम में व्यस्त थे। काफी समय बीतने के बाद भी बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान ग्रामीणों को तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इसी बीच पानी में एक बच्ची का शव नजर आया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू कर दी और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तालाब में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी प्रयास के बाद पानी से तीनों बच्चियों के शव बाहर निकाले गए।

प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि नहाते समय बच्चियां तालाब के गहरे हिस्से में चली गईं और पानी में डूब गईं। हादसे के समय तालाब के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण समय रहते उन्हें मदद नहीं मिल सकी।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद बस्ती में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत बांकीमोंगरा में सजा ‘आशीर्वाद का दीया’, 11 हजार दीपों से जगमगाया नगर।

The Duniyadari:देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा, समर्पण और जनकल्याण का दिया संदेश; विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन के साथ आतिशबाजी।

बांकीमोंगरा: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों को हजारों दीपों से रोशन किया गया। लगभग 11 हजार दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और जनकल्याण का संदेश दिया गया।

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा कार्यालय परिसर एवं अटल परिसर, हनुमान चौक बाकी, गजरा ग्राउंड सहित चार यात्री प्रतीक्षालयों—डेली मार्केट, गजरा, कटाईनार एवं घुड़देवा में दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा और कार्यक्रम में उत्साह एवं उल्लास का माहौल देखने को मिला।

पालिका अध्यक्ष ने कहा—सेवा और जनभागीदारी से मजबूत होगा हमारा नगर

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि नगर के विकास में हर नागरिक की भागीदारी हो। दीपक की रोशनी हमें यह संदेश देती है कि जब समाज के लोग एकजुट होकर सेवा और जनकल्याण के कार्यों में आगे आते हैं, तो विकास की राह और मजबूत होती है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नगर पालिका द्वारा जनहित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। मैं सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।

उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता, विकास और जनहित के कार्यों में निरंतर सहयोग करने की अपील भी की।

जयघोष से गूंजा बांकीमोंगरा

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर “भारत माता की जय”, “छत्तीसगढ़ महतारी की जय”, “जय जोहार, जय छत्तीसगढ़” सहित अन्य जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। गजरा ग्राउंड एवं घुड़देवा चौक में आतिशबाजी भी की गई, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा जिला मंत्री सतीश झा, भाजयुमो के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, पार्षद प्रमोद सोना, अश्वनी मिश्रा, फणीधर कर्ष, एल्डरमैन निराकार नाहक, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जारी हैं विभिन्न आयोजन
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनभागीदारी के साथ विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से नगर में एकजुटता, सकारात्मकता, सेवा भावना और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

गोपाल मोदी के नेतृत्व में कोरबा में गूंजा सेवा संकल्प का संदेश, पांचों विकासखंडों के लिए रवाना हुए रथ

The Duniyadari: कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कोरबा जिले में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के माध्यम से सेवा, जनसहभागिता और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।

गुरुवार को जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर से ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के रथों को रवाना किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में रथों को हरी झंडी दिखाकर अलग-अलग क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

पांचों विकासखंडों की पंचायतों तक पहुंचेगा रथ

अभियान के तहत जिले के सभी पांच विकासखंडों के लिए सेवा संकल्प रथ रवाना किए गए हैं। ये रथ अलग-अलग ग्राम पंचायतों में पहुंचकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

रथ में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं, उपलब्धियों और सेवा से जुड़े संदेशों को प्रदर्शित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शासन की योजनाओं से अवगत कराने के साथ ही जनभागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।

घर-घर पहुंचकर जलाए दीपअभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान लोगों से सेवा कार्यों और सामाजिक सहभागिता से जुड़ने की अपील की गई।

गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा और समाजहित की भावना को आगे बढ़ाना ही अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के जरिए सेवा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा कार्यालय में भी दिखी रोशनी

टीपी नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भी अभियान के तहत विशेष सजावट की गई। परिसर में रंगोली बनाई गई और कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। दीपों से सजे कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं ने सेवा और सामाजिक दायित्व के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

बूथ स्तर तक सक्रिय रहेंगे कार्यकर्ता

भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार अभियान को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी की गई है। कार्यकर्ताओं की भागीदारी के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचने तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।

सेवा संकल्प रथ, ग्राम पंचायतों में पहुंचने वाले कार्यक्रम और दीप प्रज्वलन जैसी गतिविधियों के जरिए जिले में अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है।